नोवामुंडी : पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत जेटेया पंचायत में जंगली हाथी के हमले से हुई दर्दनाक घटना के बाद राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा बुधवार को प्रभावित क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने जेटेया गांव के बावड़िया मुंडा टोला में हाथी हमले में एक ही परिवार के चार सदस्यों तथा बड़ापसिया टोला, डुगुड़ वसा में मंगल बोबोंगा की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद वन विभाग के रेंजर से बातचीत कर मृतकों के परिजनों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की तथा प्रशासन से राहत कार्यों में तेजी और संवेदनशीलता बरतने को कहा।
मधु कोड़ा ने क्षेत्र में बढ़ते हाथी आतंक को गंभीर बताते हुए लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस और स्थायी कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस मौके पर नोवामुंडी मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन गोप, मीडिया प्रभारी विनित कुमार गोप, निखिलेश बोबोंगा, सुखराम कोड़ा, पीतांबर बोबोंगा, लक्ष्मण गोप सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
नोवामुंडी में हाथी हमले के पीड़ितों से मिले पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, शीघ्र मुआवजे और सुरक्षा उपायों की मांग

