सरायकेला | चांडिल थाना क्षेत्र के एनएच-33 स्थित टेंथ माइल स्टोन रिसॉर्ट में युवा कारोबारी निखार सबलोक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जमशेदपुर के एसएसपी एहतेशाम वाकरीब और सरायकेला-खरसावां के एसपी मनोज स्वर्गियरी ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर हत्याकांड से जुड़ी अहम जानकारियां साझा कीं।

पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे होटल कारोबार, चांडिल क्षेत्र में जमीन को लेकर पुराना विवाद तथा दो गुटों के बीच चली आ रही आपसी रंजिश मुख्य कारण रही। जांच में यह भी सामने आया है कि निखार की हत्या के लिए 15 लाख रुपये की सुपारी तय की गई थी। वारदात को अंजाम देने के लिए उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से दो शूटरों को बुलाया गया था।

पुलिस जांच में हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ताओं में अशोक राघव का नाम सामने आया है। वारदात से पहले शूटरों को जमशेदपुर के सोनारी क्षेत्र में ठहराया गया था। घटना के दिन सुनील आई-10 कार चला रहा था, जबकि रितेश ने रिसॉर्ट पहुंचकर वारदात से करीब 10 मिनट पहले निखार की पहचान की थी।

इसके बाद दोनों शूटर रिसॉर्ट के अंदर पहुंचे और निखार पर गोलीबारी कर फरार हो गए। वारदात के बाद आरोपी आई-10 कार से मौके से निकले और बाद में रांची की ओर जाते समय वाहन को छोड़ दिया।

पुलिस ने डोबो क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक रिवॉल्वर, एक देसी पिस्टल तथा घटना में प्रयुक्त आई-10 कार बरामद की है। मामले में शूटरों, लाइनर तथा वाहन उपलब्ध कराने वाले आरोपियों समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस पूरे मामले में सक्रिय गिरोहों और जमीन विवाद से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है। वहीं, फरार संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।


