चाईबासा | झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार चंदा चोरी के आरोपों तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में प्रेस-वार्ता आयोजित की गई। कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय के संयोजन में आयोजित प्रेस-वार्ता को प्रदेश महासचिव रविन्द्र झा एवं विजय यादव ने संबोधित किया।

प्रदेश महासचिव रविन्द्र झा ने राम मंदिर के नाम पर एकत्रित चंदे और उसके उपयोग में पारदर्शिता की मांग की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े किसी भी अभियान में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए सहयोग का स्पष्ट और सार्वजनिक हिसाब-किताब होना चाहिए। देशभर के लोगों ने श्रद्धा और विश्वास के साथ राम मंदिर के नाम पर आर्थिक सहयोग किया है। ऐसे में चंदे के रूप में प्राप्त राशि, उसके संग्रह की प्रक्रिया तथा राशि के उपयोग से संबंधित पूरी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं के बीच किसी प्रकार का भ्रम या संदेह उत्पन्न न हो।

उन्होंने कहा कि यदि चंदा संग्रह अथवा उसके उपयोग में किसी प्रकार की अनियमितता या वित्तीय गड़बड़ी के तथ्य सामने आते हैं, तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भगवान श्रीराम और देशवासियों की धार्मिक आस्था का सम्मान करती है, लेकिन आस्था के नाम पर प्राप्त धन के मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना भी आवश्यक है।

वहीं, प्रदेश महासचिव विजय यादव ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 का विरोध किया। उन्होंने कहा कि यह विधेयक झारखंड जैसे खनिज संपदा से समृद्ध राज्य के हितों और अधिकारों को प्रभावित करने वाला है। झारखंड की खनिज संपदा का राज्य के विकास, स्थानीय लोगों के अधिकारों, पर्यावरण संरक्षण और रोजगार से सीधा संबंध है। इसलिए खनिज संसाधनों से जुड़े निर्णयों में राज्य के हितों और स्थानीय जनभावनाओं की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों, संवैधानिक अधिकारों और जनता के हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक संघर्ष को और तेज करेगी।

Book your slot today : +91 7250214782
विजय यादव ने बताया कि इसी क्रम में 27 अगस्त 2026 को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित किया जाएगा। 7 सितंबर 2026 को लोक भवन, रांची के समक्ष प्रदेश स्तरीय महाधरना-प्रदर्शन आयोजित होगा। वहीं, 9 सितंबर से 16 सितंबर 2026 के बीच राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रेस-वार्ता में कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस महासचिव सुनील प्रसाद, सचिव ए.आर. कैलाश तथा कार्यालय सचिव सुशील दास उपस्थित थे।

