बारीडीह : वीर शहीद कोका कमार करमाली की 164वीं जयंती के अवसर पर बारीडीह स्थित उनके नाम पर बने चौक में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अगुवाई प्रमुख संस्थापक बलराम कर्मकार और आयोजक राजू लोहरा ने की।
समारोह के दौरान आजाद समाज पार्टी (का.) के जिला प्रभारी सनत सिंह सरदार और संगठन एवं मीडिया प्रभारी परमबीर पात्रो को जेएमएम के नगर अध्यक्ष गोविंद लोहार और राजू लोहार द्वारा सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने शहीद कोका कमार करमाली के योगदान को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए आदिवासी भाषा और संस्कृति संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।
सुबह 7 बजे माल्यार्पण के साथ जयंती समारोह की शुरुआत हुई। स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान लोगों ने उनके संघर्ष और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए किए गए प्रयासों को याद किया।
शाम 6 बजे दीप प्रज्वलन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। आदिवासी पारंपरिक नृत्य, गीत और ढोल-नगाड़ों की लय से पूरा माहौल उत्सवमय हो उठा। कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता पर आधारित प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया।
यह आयोजन वीर शहीद कोका कमार करमाली सेना संघर्ष समिति और बिरसा सेना के संयुक्त तत्वावधान में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में रविन्द्र लोहारा, कृष्णा लोहार, घनश्याम कर्मकार, राजू कंवर, मोहन कंवर, जय नारायण मुंडा, दीपक रंजीत, सुनील सोरेन, दिवान सोरेन, सुबोध लोहार, राजा राय मुर्मू, सुनील हेंब्रम, जेरी सोरेन, पंकज लोहार, मिहिलाय मुर्मू, दीप लोहार, बेसराम चाय, असमान बाजरे, राजू राम, डॉ. रवी प्रसाद, भोलाराम कंवर, बिनोद कंवर समेत अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीणों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक बलराम कर्मकार और राजू लोहरा ने सभी सहयोगियों एवं उपस्थित लोगों का हृदय से आभार प्रकट किया। समारोह शांतिपूर्ण और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ।
बारीडीह में शहीद कोका कमार करमाली की 164वीं जयंती पर भव्य समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा वातावरण

