चाईबासा | पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में शुक्रवार को जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में नियमित जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक तथा जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं एवं मांगों को आवेदन के माध्यम से उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किया।

जनता दरबार में भूमि बंदोबस्ती, लीज बंदोबस्ती, मंईयां सम्मान योजना के लाभ, सेवा पुस्तिका में आवश्यक संशोधन, पारिवारिक सूची में नाम जोड़ने एवं त्रुटि सुधार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), आवास योजनाओं, सड़क निर्माण एवं मरम्मत सहित विभिन्न प्रशासनिक मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी आवेदनों का क्रमवार अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मामलों की प्रकृति के अनुरूप शीघ्र, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिन मामलों का समाधान तत्काल संभव था, उनका मौके पर ही निष्पादन कराया गया, जबकि शेष मामलों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश के साथ संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आमजन के बीच प्रत्यक्ष संवाद का एक प्रभावी मंच है, जहां नागरिक बिना किसी मध्यस्थता के अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं।

उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक प्राप्त आवेदन पर गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें समय पर न्याय एवं राहत मिल सके।

