सरायकेला-खरसावाँ | जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में नगर निगम आदित्यपुर एवं नगर परिषद कपाली क्षेत्र में संचालित विभिन्न पेयजलापूर्ति योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जुडको (JUDCO), जिंदल तथा शापूरजी पालनजी सहित विभिन्न कार्यदायी एजेंसियों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, पाइपलाइन बिछाने, जलापूर्ति अवसंरचना निर्माण और लंबित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने आदित्यपुर-2 स्थित सीतारामपुर 30 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से अब तक नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि संबंधित एजेंसियों ने 15 जुलाई तक जलापूर्ति शुरू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन निर्धारित समयसीमा का पालन नहीं होने से आम लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।

उपायुक्त ने योजनाओं में आ रही तकनीकी, भूमि संबंधी एवं समन्वय से जुड़ी समस्याओं की जानकारी लेते हुए सभी बाधाओं का शीघ्र समाधान कर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने जुडको, जिंदल एवं शापूरजी पालनजी के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि 31 जुलाई 2026 तक सभी शेष कार्य पूर्ण कर घर-घर नियमित पेयजलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि समयसीमा का दोबारा उल्लंघन या अनावश्यक विलंब किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में नगर परिषद कपाली क्षेत्र की पेयजल योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने पाइपलाइन विस्तार, जलापूर्ति नेटवर्क और अन्य लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि सभी लाभुकों को नियमित एवं निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

उपायुक्त ने कहा कि पेयजलापूर्ति परियोजनाएं जनहित से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण योजनाएं हैं। इसलिए सभी कार्यदायी एजेंसियां गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी नियमित निगरानी करने तथा योजनाओं में आने वाली बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में नगर आयुक्त अज़ाज़ अनवर, जुडको, जिंदल एवं शापूरजी पालनजी के प्रतिनिधियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

