जमशेदपुर | पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने मंगलवार देर रात करीब 10 बजे शहर की सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सोनारी, कदमा एवं बिष्टुपुर थाना क्षेत्रों में तैनात पीसीआर गश्ती वाहनों तथा ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। अचानक हुए इस निरीक्षण से पुलिस महकमे में सतर्कता बढ़ गई।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने गश्ती दलों की सक्रियता, तैनाती, रात्रिकालीन गश्त एवं पुलिसकर्मियों की उपस्थिति की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि शहर में किसी भी प्रकार की अड्डेबाजी, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही नियमित रूप से एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच करने के निर्देश भी दिए।

एसएसपी ने कहा कि गश्ती के दौरान यदि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, आपराधिक घटना अथवा संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी प्राप्त होती है, तो इसकी सूचना बिना किसी विलंब के संबंधित थाना प्रभारी एवं पुलिस नियंत्रण कक्ष को दी जाए, ताकि तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण एवं आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रात्रिकालीन गश्ती को और अधिक प्रभावी एवं सतर्क बनाते हुए अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए, ताकि शहर में शांति, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा का माहौल कायम रहे।

एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन द्वारा आगे भी समय-समय पर इस प्रकार के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे। इसका उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा आमजन में सुरक्षा के प्रति विश्वास को और मजबूत करना है।


