सरायकेला | उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिला परिवहन कार्यालय, सरायकेला-खरसावाँ द्वारा प्रखंडवार लर्नर लाइसेंस (Learner Licence) शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार, 13 जुलाई 2026 को खरसावाँ प्रखंड के पंचायत भवन, खरसावाँ में लर्नर लाइसेंस शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में हरीभंजा, बीटापुर, चिलगु, रीडिंग, बुरुडीह, शिमला, खरसावाँ तथा जोजोडीह पंचायतों के उन अभ्यर्थियों को शामिल किया गया, जिन्होंने पूर्व में ऑनलाइन स्लॉट बुक कराया था।

शिविर के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन की जांच तथा निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप लर्नर लाइसेंस परीक्षा संपन्न कराई गई।

जिला परिवहन कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार शिविर के लिए कुल 125 अभ्यर्थियों का स्लॉट निर्धारित था। इनमें से 75 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल हुए, 9 अभ्यर्थी असफल रहे, जबकि 41 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि प्रखंड स्तर पर आयोजित किए जा रहे इन शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके निकट ही लर्नर लाइसेंस संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराना तथा आवेदन प्रक्रिया को सरल, सुगम और पारदर्शी बनाना है।

उन्होंने अभ्यर्थियों से परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन एवं स्लॉट बुकिंग सुनिश्चित करने की अपील की।

उन्होंने सभी वाहन चालकों से वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और सड़क सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने की भी अपील की।

