रांची | झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुदृढ़ और व्यापक बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में रिम्स-2 परियोजना के निर्माण के लिए ₹41,89,41,26,604 अर्थात लगभग ₹4,189.41 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

कैबिनेट के इस निर्णय के बाद राज्य में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होने की उम्मीद है। रिम्स-2 परियोजना के तहत अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, उन्नत उपकरणों, बेहतर उपचार व्यवस्था तथा मेडिकल शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में व्यापक विकास किया जाएगा।

इस निर्णय पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय झारखंड की जनता को बेहतर, सुलभ और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को दूसरे राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़े। रिम्स-2 के निर्माण से मरीजों को राज्य के भीतर ही अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

साथ ही डॉक्टरों, मेडिकल छात्रों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए बेहतर शिक्षण, प्रशिक्षण और शोध का वातावरण भी तैयार होगा।

राज्य सरकार का मानना है कि रिम्स-2 परियोजना झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। आने वाले वर्षों में इस परियोजना से राज्य के लाखों लोगों को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलने की संभावना है।


