सरायकेला-खरसावां | जिले के ईचागढ़ प्रखंड में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के अंतर्गत 12 यूनिट बकरी पालन (गोअटरी) का वितरण किया गया। प्रखंड प्रशासन की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में चयनित लाभुकों को स्वरोजगार सृजन एवं आय वृद्धि के उद्देश्य से बकरी पालन इकाइयां प्रदान की गईं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने लाभुकों को पशुपालन के वैज्ञानिक तरीकों, उचित देखभाल, टीकाकरण तथा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इन जानकारियों के माध्यम से लाभुक योजना का अधिकतम लाभ उठा सकेंगे।

इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका को सुदृढ़ करना, पशुपालन को बढ़ावा देना तथा लाभुकों को आत्मनिर्भर बनाना है। साथ ही, संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे लाभुकों को समय-समय पर आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करें, ताकि योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।


