home

अबुआ आवास निर्माण में छत ढलाई की बाध्यता समाप्त

अबुआ आवास निर्माण में छत ढलाई की बाध्यता समाप्त

पश्चिम सिंहभूम जिले के दुर्गम और सुदूरवर्ती क्षेत्रों में अबुवा आवास निर्माण में हो रही परेशानियों को देखते हुए राज्य सरकार ने राहत की घोषणा की है। अब लाभुक आवासों की छत ढलाई में जीआई सीट, टाली खपरा और एस्बेस्टस सीट लगाने की अनुमति दी गई है।

झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह, मंत्री दीपक बिरुवा और विधायक निरल पूर्ति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यह निर्णय गरीब आम जनता के हित में विधायक श्री पूर्ति द्वारा विधानसभा में लाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के बाद लिया गया।

विधायक श्री पूर्ति ने बताया कि जिले की भौगोलिक स्थिति और निर्माण सामग्री की कीमतों में वृद्धि के कारण दुर्गम क्षेत्रों में आवास निर्माण में कई दिक्कतें आ रही थीं। अब यह राहत विशेष रूप से टोंटो, गुदड़ी, गोइलकेरा, आनंदपुर, मनोहरपुर और बंदगांव प्रखंडों के लाभुकों के लिए उपलब्ध होगी। जरूरत पड़ने पर इसे राज्य के अन्य जिलों में भी लागू किया जा सकता है।

झारखंड सरकार का लक्ष्य अबुवा आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है। इसके तहत राज्य में तीन चरणों में 8 लाख नए मकान बनाए जाएंगे:

🔸2023-24: 2 लाख मकान

🔸2024-25: 3.5 लाख मकान

🔸2025-26: 2.5 लाख मकान

बुधराम लागुरी ने कहा कि जिले की समस्याओं के समाधान के लिए झामुमो विधायक और सांसद प्रतिबद्ध हैं और इस जनहित कार्य के लिए उन्होंने राज्य सरकार और सभी संबंधित अधिकारियों की सराहना की।