#EklavyaSchool #WestSinghbhum #DeputyCommissioner #EducationDevelopment

उपायुक्त ने टोंटो और नोआमुंडी में एकलव्य आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण, नामांकन और सुविधाओं की समीक्षा की

उपायुक्त ने टोंटो और नोआमुंडी में एकलव्य आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण, नामांकन और सुविधाओं की समीक्षा की

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त चंदन कुमार ने परियोजना निदेशक आईटीडीए जयदीप तिग्गा के साथ एकलव्य आवासीय आदर्श विद्यालय टोंटो और नोआमुंडी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों विद्यालयों के छात्रों ने स्वागत गीत गाकर उनका अभिनंदन किया।

टोंटो (पेरेंट) परिसर से हाटगम्हरिया (सिस्टर) और नोआमुंडी (पेरेंट) परिसर से मनोहरपुर (सिस्टर) एकलव्य विद्यालयों का संचालन हो रहा है। टोंटो और हाटगम्हरिया में कक्षा 6, 7 और 8 के लिए कुल 180 छात्रों का नामांकन हो चुका है, जबकि नोआमुंडी और मनोहरपुर में 81 छात्रों का नामांकन हुआ है। नामांकन प्रक्रिया जारी है और सभी आवेदकों को कक्षाएं शुरू होने की सूचना दे दी गई है। सिंहभूम प्रमंडल के अन्य जिलों से भी छात्र प्रवेश ले रहे हैं।

उपायुक्त ने बताया कि जिले में कुल 11 नए एकलव्य आवासीय आदर्श विद्यालय शुरू किए जा रहे हैं, जिनमें पांच पेरेंट और पांच सिस्टर विद्यालय शामिल हैं। अध्यापन कार्य शुरू करने के लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं, छात्रावास, रसोई और डाइनिंग हॉल का जायजा लिया। साथ ही छात्रों के सुरक्षित आवास, पौष्टिक भोजन और स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवासीय विद्यालयों में चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति करने को भी कहा।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षण व्यवस्था की समीक्षा की और छात्रों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। टोंटो-हाटगम्हरिया में 8 अतिथि शिक्षक और 13 चतुर्थ वर्ग कर्मी तथा नोआमुंडी-मनोहरपुर में 10 अतिथि शिक्षक और 10 चतुर्थ वर्ग कर्मी प्रतिनियुक्त हैं। जिन अतिथि शिक्षकों ने योगदान नहीं दिया है, उनके स्थान पर प्रतीक्षा सूची से नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है।

विद्यालयों में रहने, खाने और पढ़ाई से जुड़ी सामग्री जैसे खाद्य पदार्थ, बर्तन, पठन-पाठन सामग्री, कंबल और चादर की आपूर्ति पूरी कर ली गई है। नामांकन बढ़ने के साथ छात्रों की पोशाक और किताबों की आपूर्ति के लिए भी आदेश जारी कर दिए गए हैं।