चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में आई.टी.आई-चाईबासा में सुरक्षित इंटरनेट दिवस-2026 का आयोजन किया गया। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्री चंदन कुमार के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक समाहर्ता श्री सिद्धांत कुमार ने की।

कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आज के युग में सोशल मीडिया, ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल लेन-देन जैसी गतिविधियों में इंटरनेट की भूमिका अहम है। युवाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना आवश्यक है और किसी भी निजी जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा नहीं करना चाहिए।

जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी श्री मनीष जांगिड ने इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग, साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय और अपने ई-मेल, व्हाट्सएप व सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा को लेकर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सही वेबसाइट का चयन करने, दो-स्तरीय प्रमाणीकरण अपनाने, डिवाइस को अपडेट रखने और एंटीवायरस का उपयोग करने पर जोर दिया। साथ ही पेन ड्राइव या अनजान वेबसाइट से डेटा डाउनलोड करने में सावधानी बरतने की सलाह दी।

कार्यक्रम में ई-डिस्टिक मैनेजर मो. साकिब सलाम खान, डीआरएम नेटवर्क इंजीनियर, कंप्यूटर ऑपरेटर, सीएससी मैनेजर, आई.टी.आई कॉलेज के प्रधानाध्यापक, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित थे।

