सरायकेला : सरायकेला नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के बाद मनोज चौधरी ने राज्य के मुख्यमंत्री सह हेमंत सोरेन एवं गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस भेंट के दौरान उन्होंने सरायकेला के विकास, सांस्कृतिक पहचान एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

अध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया कि मुलाकात अत्यंत सकारात्मक रही। उन्होंने कहा कि वे हर मंच पर सरायकेला की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को उचित सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसी क्रम में उन्होंने सरायकेला की पहचान माने जाने वाले छऊ मुखौटा भेंट किया। साथ ही, सरायकेला के प्रसिद्ध लड्डुओं से भरी टोकरी भेंट कर मुख्यमंत्री को अपने हाथों से लड्डू खिलाए। उन्होंने श्याम रंग का दुपट्टा ओढ़ाकर तथा मोर पंख भेंट कर मुख्यमंत्री को सम्मानित भी किया।

मुलाकात के दौरान अध्यक्ष ने सिविल कोर्ट, सरायकेला भवन के प्रस्तावित स्थानांतरण से लगभग 40 प्रतिशत स्थानीय परिवारों के समक्ष उत्पन्न हो रहे रोजी-रोटी के संकट का मुद्दा उठाया। उन्होंने इस संबंध में आदेश को निरस्त करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। इसके अतिरिक्त, चैत्र पर्व को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान करने तथा इसके लिए आवंटन राशि में बढ़ोतरी की मांग को लेकर भी मुख्यमंत्री को पत्र दिया गया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सरायकेला के समग्र विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इस शिष्टाचार भेंट में झामुमो जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो, केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी, सरायकेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी गणेश महाली, जिला उपाध्यक्ष भोला मोहती, नगर अध्यक्ष शंभू आचार्य, अमलेश सिन्हा, वरिष्ठ कलाकार ब्रजेंद्र पटनायक, तपन पटनायक, सुदीप कवि, सुमित महापात्र, उमेश भोल, सौरभ साहू, ललित चौधरी, शुभम चौधरी, अभिषेक चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

