सरायकेला : आदित्यपुर नगर निगम, कपाली नगर परिषद एवं सरायकेला नगर पंचायत के लिए प्रतिनियुक्त मतगणना माइक्रो ऑब्जर्वर, मतगणना पर्यवेक्षक और मतगणना सहायकों का जिला स्तरीय प्रथम चरण का प्रशिक्षण नृपराज जमा दो उच्च विद्यालय में संपन्न हुआ।

प्रशिक्षण में कर्मियों को उनके दायित्व, कार्य-प्रणाली और अनुशासन के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें निर्देश दिया गया कि मतगणना प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमों के अनुसार पूरी की जाए। मतगणना कक्ष की व्यवस्था, टेबलों की संख्या, आवश्यक सामग्री और ले-आउट के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

सत्र के दौरान मतपेटी खोलने की प्रक्रिया, सीलों के सत्यापन, अभिलेखों के मिलान और मतपत्रों की गिनती की पूरी प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से समझाया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि किन परिस्थितियों में मतपत्र अस्वीकृत किए जा सकते हैं। वैध और अवैध मतपत्रों का प्रदर्शन कर कर्मियों को सही पहचान की जानकारी दी गई।

इसके अलावा प्रपत्र 19 (भाग-1 एवं भाग-2), प्रपत्र 20 और प्रपत्र 21 भरने की प्रक्रिया समझाई गई। प्रपत्र 17 (मतपत्र लेखा) और प्रपत्र 18 (पेपर सील लेखा) के संधारण और मिलान पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि परिणाम घोषणा से पहले सभी दस्तावेज पूरी तरह सही और सत्यापित हों।
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि मतगणना कार्य पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ संपन्न किया जाए, जिससे चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रहे।

