सरायकेला: सरायकेला नगर पंचायत के नव-निर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी जन समस्याओं के समाधान को लेकर लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। एक कुशल व्यवसायी होने के साथ-साथ लंबे समय से समाज सेवा में सक्रिय रहे मनोज चौधरी अध्यक्ष चुने जाने के बाद जनहित के कार्यों को लेकर नए उत्साह और जुनून के साथ 24×7 लोगों की सेवा में जुटे हुए हैं।
इसी क्रम में सोमवार सुबह करीब सात बजे वे नगर पंचायत क्षेत्र के देहुरीडीह निवासी हृदय रोग से पीड़ित अभिमन्यु नायक का हाल-चाल जानने उनके घर पहुंचे। उन्होंने सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. नकुल चौधरी से बातचीत कर अभिमन्यु नायक के बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में समुचित समन्वय स्थापित कराया।

इस दौरान उन्होंने बस्ती के लोगों से नशा की लत से दूर रहने की अपील की और कहा कि समाज को इस समस्या से बाहर निकालने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
मनोज चौधरी ने बाल श्रम और छोटे बच्चों को पैसों के लालच में देर रात तालाब में जाकर कमल फूल और अन्य फूल तोड़ने की प्रवृत्ति पर भी चिंता जताई। उन्होंने ऐसे बच्चों के परिजनों को फटकार लगाते हुए कहा कि बच्चों को इस प्रकार के असुरक्षित कार्यों से रोकें और उनका स्कूल में दाखिला सुनिश्चित करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि किसी प्रकार की परेशानी हो तो वे उनसे संपर्क करें, हर संभव सहायता की जाएगी।

उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि अपने स्वार्थ के लिए बच्चों को पैसे या अन्य प्रलोभन देकर उनके भविष्य से खिलवाड़ न करें। बच्चों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बस्तीवासियों से बातचीत के दौरान यह जानकारी मिली कि बैसाखी नामक महिला के निधन के बाद उसके तीन बच्चे अनाथ हो गए हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मनोज चौधरी ने मौके पर ही बाल संरक्षण पदाधिकारी संतोष ठाकुर को बुलाया और माता-पिता के निधन से अनाथ हुए बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा आवश्यक लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मनोज चौधरी की त्वरित समस्या समाधान की इस कार्यशैली की इन दिनों पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है।

