#सरायकेला #नगरपंचायतचुनाव2026 #सुमितकुमारचौधरी #गीताकोड़ा #maskalnews

सरायकेला: सुमित कुमार चौधरी के समर्थन में महिला सम्मेलन, गीता कोड़ा ने मांगा समर्थन

सरायकेला: सुमित कुमार चौधरी के समर्थन में महिला सम्मेलन, गीता कोड़ा ने मांगा समर्थन

सरायकेला : सरायकेला नगर पंचायत चुनाव 2026 को लेकर उम्मीदवारों और उनके समर्थकों का चुनाव प्रचार अभियान तेज हो गया है। सभी प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं।

मंगलवार को भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद उम्मीदवार सुमित कुमार चौधरी के समर्थन में उत्कलमणि आदर्श पाठागार में एक महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नप की पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा नेत्री मीनाक्षी पटनायक ने की।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिंहभूम की पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि भाजपा ने सुमित कुमार चौधरी को अपना समर्थन दिया है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से अपील की कि वे सुमित चौधरी को आशीर्वाद देकर भारी मतों से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा नारी शक्ति को बढ़ावा दिया है और महिला सशक्तिकरण की दिशा में लगातार कार्य किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि सुमित चौधरी भी नारी सुरक्षा और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देंगे।

गीता कोड़ा ने राज्य की महागठबंधन सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में महिलाएं और बच्चे सुरक्षित नहीं हैं तथा महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चक्रधरपुर में भाजपा समर्थित उम्मीदवार के प्रचार को लेकर महिलाओं को डराया-धमकाया जा रहा है।

इस अवसर पर अध्यक्ष पद उम्मीदवार सुमित कुमार चौधरी ने महिलाओं से अपने लिए समर्थन मांगा और चुनाव चिन्ह ‘बक्सा छाप’ पर मुहर लगाकर विजयी बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में भाजपा चुनाव प्रभारी रमाकांत महतो, नप चुनाव संयोजक राजा सिंहदेव, नगर अध्यक्ष विजय कुमार दत्ता सहित कई कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं। सम्मेलन के बाद महिलाओं ने उम्मीदवार के साथ पदयात्रा कर जनसंपर्क अभियान भी चलाया।