राउरकेला : राउरकेला के प्लांट साइड थाना पुलिस ने 502 किलो 400 ग्राम गांजा के साथ छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार चारपहिया वाहन, आठ मोबाइल फोन और 2300 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

एसपी नितिश वाधवानी ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि सोमवार रात प्लांट साइड थाना के एसआई एस. प्रधान गश्त पर थे। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि शिवशंकर नगर में गांजा की बड़ी खेप की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारसुगुड़ा जिले के लाइकेरा थाना क्षेत्र के अरदा जामकानी गांव निवासी गुणनिधि घुसी (36), झरियाबहाल गांव निवासी कौशिक कुमार पाढ़ी (31), सुंदरगढ़ जिले के बिसरा थाना क्षेत्र के बिरंगाझोर गांव निवासी सुखनाथ उरांव (37), प्लांट साइड थाना क्षेत्र के शिव मंदिर के पास निवासी राहुल कुमार साहू (25), जनता निवास गली निवासी निखिल रे (23) और डिलक्स गली निवासी नीरज सोनकर (24) के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि गांजा ओडिशा के कंधमाल जिले से लाया गया था और इसे झारखंड व छत्तीसगढ़ भेजने की तैयारी थी।
एसपी ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ राउरकेला पुलिस का अभियान लगातार जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

