#मरंग_गोमके #जयपाल_सिंह_मुंडा_जयंती #आदिवासी_गौरव #संविधान_सभा #maskalnews

जयपाल सिंह मुंडा की जयंती पर चाईबासा में कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, आदिवासी अधिकारों में योगदान को किया याद

जयपाल सिंह मुंडा की जयंती पर चाईबासा में कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, आदिवासी अधिकारों में योगदान को किया याद

चाईबासा : झारखंड की माटी के लाल, संविधान सभा के सदस्य एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मरंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की जयंती के अवसर पर शनिवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में कांग्रेसजनों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया।
इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि जयपाल सिंह मुंडा आदिवासियों की सशक्त आवाज थे और उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि जयपाल सिंह मुंडा ने झारखंड आंदोलन को दिशा देने के साथ-साथ संविधान सभा में देशभर के आदिवासियों के अधिकारों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डॉ. बलमुचू ने बताया कि जयपाल सिंह मुंडा का मानना था कि आदिवासी समाज में सबसे मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था देखने को मिलती है, जहां अमीर और गरीब सभी को समान अधिकार प्राप्त हैं। उन्होंने संविधान सभा में विशेष प्रावधानों के माध्यम से आदिवासियों को संरक्षण देने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने की वकालत की थी। अपने ऐतिहासिक भाषण में उन्होंने आदिवासियों को प्रथम श्रेणी का भारतीय नागरिक बताया था।
कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई, प्रवक्ता त्रिशानु राय, महासचिव कैरा बिरुवा, अविनाश कोड़ाह, सचिव जानवी कुदादा, मोहन सिंह हेम्ब्रम, ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव मायाधर बेहरा, प्रखंड अध्यक्ष राहुल पुरती सहित कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।