चाईबासा : भारत के लिए गर्व की बात है कि दो भारतीय राष्ट्रीय खिलाड़ी अब नेपाल की शीर्ष फुटबॉल लीग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

भारतीय राष्ट्रीय खिलाड़ी क्रिस डेविडसन टोप्पो का चयन नेपाल के प्रतिष्ठित क्लब ट्रिभुवन एफसी के लिए हुआ है। वहीं दूसरे भारतीय राष्ट्रीय खिलाड़ी बांडी क्रिस को नव जन जागृति क्लब की ओर से खेलने का अवसर मिला है।

दोनों खिलाड़ी भारत का राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और अब वे नेपाल की शीर्ष प्रतियोगिता एएनएफए नेशनल लीग में मैदान पर नजर आएंगे। यह लीग नेपाल की सबसे बड़ी फुटबॉल प्रतियोगिता है, जो फीफा और एशियाई फुटबॉल महासंघ (एएफसी) से संबद्ध है।

खिलाड़ियों का यह चयन न केवल उनके व्यक्तिगत करियर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है, बल्कि भारतीय फुटबॉल के लिए भी सम्मान की बात है। उनके अनुभव और प्रदर्शन से संबंधित क्लबों को मजबूती मिलने की उम्मीद है, साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय खिलाड़ियों की पहचान भी और सुदृढ़ होगी।

