खूंटपानी|पश्चिम सिंहभूम जिला के कोल्हान क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चार वर्षीय मासूम निर्मल हेंब्रम का उसके घर के आंगन से अपहरण कर लिया गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है।

घटना 24 फरवरी की सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। उस समय बच्चा घर के आंगन में खेल रहा था और उसकी मां काम पर जाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने बच्चे को खाने का लालच दिया और उसे अपने साथ ले गया।

कुछ देर बाद जब मां ने आंगन में देखा तो बच्चा गायब था। उनकी चीख सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हुए और खोजबीन शुरू की। ग्रामीणों ने बताया कि घर के पास पुलिया के पास एक संदिग्ध व्यक्ति बच्चे को बाइक पर बैठाकर तेजी से जाते हुए देखा गया। इसके बाद से बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला है।

परिजनों के अनुसार, निर्मल अभी साफ बोल नहीं पाता है और अपना नाम या पता भी नहीं बता सकता, जिससे चिंता और बढ़ गई है। बच्चे के पिता स्वर्गीय विजय सिंह हेंब्रम हैं और वह अपनी मां का इकलौता सहारा है।
घटना की सूचना सामाजिक कार्यकर्ता सिंगराय बोदरा ने प्रशासन को दी है और जल्द कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद गांव में डर और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द बच्चे की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को बच्चे के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाना को सूचित करें।

