चाईबासा : नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 को लेकर पश्चिमी सिंहभूम के जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त श्री चंदन कुमार ने चाईबासा स्थित टाटा कॉलेज परिसर में डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया और मतदान दलों को संबोधित किया।

चाईबासा नगर परिषद के 38 और चक्रधरपुर नगर परिषद के 49, कुल 87 मतदान केंद्रों के लिए गठित मतदान दलों, 8 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 8 सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने बताया कि 23 फरवरी 2026 (सोमवार) को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। सभी मतदान केंद्रों पर CCTV की निगरानी रहेगी। उन्होंने मतदान प्रक्रिया को राज्य निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया।

कुल 87 मतदान दलों में 435 कर्मी शामिल हैं, जिनमें 87 पीठासीन पदाधिकारी और प्रत्येक केंद्र पर पी1, पी2, पी3 और पी4 नियुक्त किए गए हैं।
चक्रधरपुर के लिए 136 और चाईबासा के लिए 108 मतपेटियां उपलब्ध कराई गई हैं। सुरक्षा के लिए 1250 पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा चुनाव कार्य के लिए 40 वाहन लगाए गए हैं।
मतपत्र में अध्यक्ष पद के लिए हल्का गुलाबी और वार्ड पार्षद पद के लिए सफेद रंग का मतपत्र रहेगा।
चुनाव संबंधी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन एवं नियंत्रण कक्ष 23 फरवरी तक मोबाइल नंबर 9835220231 पर संचालित रहेगा।
डिस्पैच सेंटर पर चाईबासा के सामान्य प्रेक्षक श्री एजाज़ अनवर और चक्रधरपुर के सामान्य प्रेक्षक श्री उत्तम प्रसाद की उपस्थिति में सभी प्रक्रियाएं पूरी की गईं।

