#धानअधिप्राप्ति #किसानोंकाशोषण #चक्रधरपुर #अवैधवसूली #maskalnews

चक्रधरपुर धान अधिप्राप्ति केंद्र में अवैध वसूली का आरोप, किसानों के शोषण पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

चक्रधरपुर धान अधिप्राप्ति केंद्र में अवैध वसूली का आरोप, किसानों के शोषण पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

चक्रधरपुर : कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी एवं प्रखंड अध्यक्ष विजय सिंह सामाड ने चक्रधरपुर के धान अधिप्राप्ति केंद्रों में अनियमितताओं का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य दिलाने का दावा कर रही है, लेकिन चक्रधरपुर में बिचौलियों और कुली प्रथा के कारण किसानों का शोषण हो रहा है।
गोपीनाथपुर लैम्पस द्वारा संचालित चक्रधरपुर गोदाम में धान अधिप्राप्ति के दौरान किसानों से अवैध वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। किसानों का आरोप है कि गोदाम में तैनात कुली ऑनलोडिंग के नाम पर प्रति बोरा 10 रुपये की मांग कर रहे हैं, जिससे किसानों पर प्रति क्विंटल 20 रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। नियमों के अनुसार सरकारी खरीद केंद्रों पर इस प्रकार की वसूली पूरी तरह गलत है।
विजय सिंह सामाड ने उपायुक्त के नाम पत्र प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को सौंपते हुए बताया कि धान खरीद की प्रक्रिया 15 दिसंबर से शुरू होनी थी, लेकिन यह दो दिन की देरी से 17 दिसंबर को शुरू हुई। बीते 17 दिनों में मात्र पांच-छह दिन ही खरीद हो सकी है। आरोप है कि लगभग 1000 टन धान की खरीद के बाद मशीन बंद कर दी जाती है, जिससे दूर-दराज से आए किसानों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति पर्व नजदीक है और किसानों को नकदी की जरूरत है, लेकिन सरकारी केंद्रों पर खरीद की धीमी और अनिश्चित प्रक्रिया के कारण किसान मजबूरी में अपनी उपज हाट-बाजार में कम दामों पर बेच रहे हैं।
विजय सिंह सामाड ने मांग की है कि धान की खरीद प्रक्रिया नियमित रूप से संचालित की जाए और ऑनलोडिंग के नाम पर हो रही अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए। पत्र की प्रतिलिपि डीएसओ चाईबासा, एसडीओ चक्रधरपुर, एमओ चक्रधरपुर एवं बीडीओ चक्रधरपुर को भी दी गई है।
इस अवसर पर प्रखंड महासचिव भोलेनाथ बोदरा, मुंगा लाल सरदार, महेंद्र सामाड, गिरधारी महतो, राजेश प्रधान, अनिल उरांव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।