राजनगर : जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर राजनगर प्रखंड अंतर्गत खैरबनी में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में चंपाई सोरेन शामिल हुए और आदिवासी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी पहल को महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में 42 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों का उद्घाटन किया, साथ ही 50 नए विद्यालयों का शिलान्यास भी किया।
भारत सरकार द्वारा संचालित ये विद्यालय आदिवासी छात्रों को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आवासीय सुविधा और समग्र विकास के अवसर प्रदान करेंगे।
सूचना के अनुसार, वर्ष 2014 से पहले देश में केवल 123 एकलव्य विद्यालय थे, जबकि वर्तमान में इनकी संख्या बढ़कर 715 हो गई है, जिनमें से 313 निर्माणाधीन हैं। इन स्कूलों में लगभग 1 लाख 33 हजार आदिवासी विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
झारखंड में पहले मात्र 7 एकलव्य विद्यालय संचालित होते थे, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 91 हो गई है, जिनमें 39 विद्यालय निर्माणाधीन हैं।
16
Nov

