चाईबासा : चाईबासा के उदीयमान खिलाड़ियों ने जिले का नाम रोशन किया है। स्लम सोकर के अंतर्गत होमलेस फुटबॉल वर्ल्ड कप के लिए घोषित भारतीय टीम में चाईबासा के छह खिलाड़ियों का चयन हुआ है।

पुरुष टीम में तांतनगर के कांडेहातु निवासी रमेश कारवा, हिंदुडीह के ललित प्रिय बेंकुरा और सदर प्रखंड के बरकुंडिया निवासी सूरज बिरुली शामिल हैं। वहीं महिला टीम में तांतनगर के खेड़ियाटांगर की बनफूल तुबिद, टियापोसी की पुनामी बागे और खूंटपानी के पुरनिया की मोनिका पुरती को जगह मिली है।

इन खिलाड़ियों का चयन गोवा में आयोजित नेशनल इंक्लूजन फुटबॉल कप चैंपियनशिप में झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।

झारखंड टीम के को-ऑर्डिनेटर चांबरा सुंडी ने बताया कि सभी चयनित खिलाड़ी आगामी अगस्त माह में उत्तरी अमेरिका के मैक्सिको में आयोजित होने वाली होमलेस फुटबॉल वर्ल्ड कप चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। इससे पहले नागपुर स्थित स्लम सोकर मुख्यालय में टीम के बीच तालमेल बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने में संस्था लगातार प्रयासरत है और उम्मीद है कि ये खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
स्थानीय खिलाड़ियों के भारतीय टीम में चयन पर जिले के खेलप्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

