चाईबासा

चाईबासा में कार्तिक उरांव की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

चाईबासा में कार्तिक उरांव की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

चाईबासा : स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कार्तिक उरांव की पुण्यतिथि पर सोमवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में कांग्रेसजनों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण और दो मिनट का मौन रखकर की गई। इसके बाद उनके जीवन और कृतित्व पर परिचर्चा आयोजित हुई।

परिचर्चा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि महान व्यक्ति अपने विचार और कार्यों से समाज में अमिट छाप छोड़ जाते हैं। कार्तिक उरांव भी ऐसे ही महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन समाज और राष्ट्र की सेवा में समर्पित कर दिया। उन्होंने जनजातीय समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कांग्रेसजनों ने कहा कि कार्तिक उरांव के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके संकल्प, इच्छाशक्ति, देशभक्ति, शिक्षा-प्रेम और सेवा-भाव को अपने जीवन में अपनाया जाए। सभी ने उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला महासचिव लियोनार्ड बोदरा, नगर अध्यक्ष मो. सलीम, उपाध्यक्ष सुभाष राम तुरी, मो. ऐसान, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, मंडल अध्यक्ष अशोक मुंडरी, प्रखंड उपाध्यक्ष महीप कुदादा, वरीय कांग्रेसी राजेंद्र कच्छप, राम सिंह सावैयां, पोन्डेराम सामड, जय किशन सालबुनिया, मनोज मुंडरी, कार्यालय सचिव सुशील दास, जामबिरा बानरा सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

चाईबासा ‘नो एंट्री’ मांग : प्रतिनिधिमंडल पहुँचा मंत्री कार्यालय, मंत्री अनुपस्थित

चाईबासा ‘नो एंट्री’ मांग : प्रतिनिधिमंडल पहुँचा मंत्री कार्यालय, मंत्री अनुपस्थित

पश्चिमी_सिंहभूम : चाईबासा में ‘नो एंट्री’ हटाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे प्रतिनिधिमंडल को आज परिवहन मंत्री के चाईबासा स्थित कार्यालय में समन्वय वार्ता के लिए बुलाया गया था। प्रतिनिधियों को सुबह 8:30 बजे मिलने का समय दिया गया, लेकिन 9:30 बजे तक इंतजार कराने के बाद यह सूचना दी गई कि मंत्री अपने गांव में हैं और वार्ता में शामिल नहीं हो पाएंगे।

इसके बाद आंदोलनकारियों ने अपना ज्ञापन मंत्री के सचिव सुभाष बनर्जी को सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से सुरेश सोय, रमेश बालमुचू, महेंद्र जामुदा, बमेया बारी, रेयांस सामड, साधु हो, वासिल प्रेम हेंब्रम, बनमाली तमसोय, चंद्र मोहन बिरुवा, संदीप देवगम सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता और आंदोलनकारी शामिल थे।

चाईबासा में रिटायर्ड बैंककर्मी से 17 लाख की साइबर ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार

चाईबासा में रिटायर्ड बैंककर्मी से 17 लाख की साइबर ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में साइबर अपराधियों ने एक सेवानिवृत्त बैंककर्मी से करीब 17 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

कैसे हुई ठगी?


मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के करलाजोड़ी निवासी परमेश्वर पुरती (सेवानिवृत्त बैंककर्मी) ने 13 नवंबर 2025 को आवेदन देकर बताया कि अपराधियों ने उन्हें “जीवन प्रमाण पत्र अपडेट” कराने के नाम पर झांसा दिया और उनके बैंक खाते से 16 लाख 92 हजार रुपये निकाल लिए।

पुलिस की कार्रवाई


घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने एक विशेष टीम बनाई। टीम ने तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर संबंधित बैंक खातों को फ्रीज करा दिया, जिससे रकम सुरक्षित रह सके।

एक आरोपी गिरफ्तार


तकनीकी जांच, बैंक डिटेल्स और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने मो. सकीर अंसारी नामक आरोपी को 6 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
मामले में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 185/2025 दर्ज किया गया है, जिसमें धारा 319(2)/318(4) BNS 2023 तथा IT Act की धारा 66(C)/66(D) लगाई गई है। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द होगी।

पुलिस की अपील


पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे फोन या मैसेज पर किसी भी व्यक्ति को बैंक विवरण, ओटीपी या व्यक्तिगत जानकारी न दें। जीवन प्रमाण पत्र अपडेट जैसी सेवाओं के लिए सीधे बैंक शाखा या आधिकारिक Jeevan Pramaan Portal पर ही संपर्क करें।
किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या Cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

पश्चिमी सिंहभूम में डीएमएफटी अनुशिक्षक बहाली हेतु आयोजित दक्षता परीक्षा का उपायुक्त ने किया निरीक्षण

पश्चिमी सिंहभूम में डीएमएफटी अनुशिक्षक बहाली हेतु आयोजित दक्षता परीक्षा का उपायुक्त ने किया निरीक्षण

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सरकारी उच्च विद्यालयों में कक्षा 9–10 के विद्यार्थियों की पढ़ाई में सहयोग के लिए डीएमएफटी के तहत 190 घंटी आधारित अनुशिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में चाईबासा के टाटा कॉलेज परिसर स्थित बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित दक्षता परीक्षा का निरीक्षण जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री चंदन कुमार ने किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और उपस्थित अभ्यर्थियों को परीक्षा के नियमों की जानकारी दी। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अभ्यर्थी अपने ओएमआर शीट में मांगी गई जानकारी स्पष्ट और सही रूप से भरें तथा उपस्थिति शीट में हस्ताक्षर अवश्य करें। नियमों से अवगत कराने के बाद उपायुक्त ने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं भी दीं।

दो पालियों में आयोजित इस विषय-वार दक्षता परीक्षा में कुल 895 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड आज ही समाहरणालय परिसर में वितरित किए गए।

परीक्षा संचालन के दौरान सहायक समाहर्ता श्री सिद्धांत कुमार, नजारत उप-समाहर्ता श्री देवेंद्र कुमार, खुंटपानी के बीडीओ श्री धनंजय पाठक, कार्यपालक दंडाधिकारी श्री कुमार हर्ष, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री प्रवीण कुमार सहित अन्य प्रतिनियुक्त पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।