मंत्री दीपक बिरुआ को लापता बताने वाले लोग अब ख़ुद लापता हो गए हैं – सोनाराम देवगम
चाईबासा : घाटशिला उपचुनाव में झामुमो की प्रचंड जीत पर कार्यकर्ताओं ने चाईबासा के तांबो चौक में लगभग दो घंटे तक आतिशबाजी की और लोगों के बीच लड्डू बांटकर विजय उत्सव मनाया।
इस अवसर पर झामुमो के जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने घाटशिला के मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने जीत के लिए झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री दीपक बिरुआ, कल्पना सोरेन तथा गठबंधन दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
देवगम ने कहा कि घाटशिला के मतदाताओं ने भारी बहुमत देकर सोमेश सोरेन को जिताया है, जो दिशुम गुरु शिबू सोरेन और स्व. रामदास सोरेन को सच्ची श्रद्धांजलि है। साथ ही यह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों पर जनता का विश्वास भी दर्शाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव को प्रभावित करने के लिए भाजपा ने चाईबासा में कुछ संगठनों के माध्यम से “नो एंट्री” आंदोलन खड़ा किया, लेकिन घाटशिला के जागरूक मतदाताओं ने इसे पूरी तरह नकार दिया। चुनाव खत्म होते ही यह मुद्दा ठंडे बस्ते में चला गया और आंदोलन करने वाले लोग भी गायब हो गए। मंत्री दीपक बिरुआ को लापता बताने वाले लोग भी अब खुद लापता हैं।
16
Nov

