कुम्हारडूंगी : पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुम्हारडूंगी प्रखंड अंतर्गत कुमरीता पंचायत में अखिल भारतीय असंगठित कामगार कर्मचारी कांग्रेस के निर्देश पर क्षेत्रीय भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. उदित राज और सह प्रदेश प्रभारी संजय गाबा के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष शैलेश पांडे द्वारा किया गया।

ग्राम कुमरीता में ग्रामीण मुंडा संग्राम तामसो की अध्यक्षता में आयोजित ग्राम सभा को संबोधित करते हुए शैलेश पांडे ने मनरेगा को ग्रामीण रोजगार का मजबूत आधार बताया। उन्होंने कहा कि मनरेगा केवल एक कानून नहीं, बल्कि गांवों की आजीविका और देश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। कोरोना काल में इस योजना ने देश की आर्थिक स्थिति को संभालने में अहम भूमिका निभाई थी।

पांडे ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने बिना लोकसभा में चर्चा के मनरेगा का नाम बदलकर “विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)” कर दिया है, जो ग्रामीणों को भ्रमित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि पेसा कानून के तहत ग्राम सभा सर्वोच्च है, लेकिन इसकी शक्तियों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, जिसका संगठन विरोध करेगा।

कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष हसीलुधिन खान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने शैलेश पांडे का स्वागत किया। खान ने कहा कि देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए मनरेगा को बचाना जरूरी है और इस मुद्दे पर गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
सभा में कार्यकारिणी जिलाध्यक्ष सूरज मुखी ने कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी और डॉ. उदित राज के विचारों को रखते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। धन्यवाद ज्ञापन यूथ कांग्रेस के सूरज तामसो ने किया।
इस मौके पर प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद बेहरा, यूथ इंटक प्रखंड अध्यक्ष दुल्हन तामसोये, वरिष्ठ कांग्रेसी रामेश्वर तामसोय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

