#आदित्य_साहू #झारखंड_भाजपा #प्रदेश_अध्यक्ष #भाजपा_नेतृत्व#पदभार_ग्रहण #maskalnews

आदित्य साहू ने संभाला झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पद, राज्य सरकार पर साधा निशाना

आदित्य साहू ने संभाला झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पद, राज्य सरकार पर साधा निशाना

झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आज विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने से पहले उन्होंने सरस्वती पूजा के अवसर पर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने संगठन की जिम्मेदारी संभाली।
पदभार ग्रहण करने के बाद आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस उद्देश्य से झारखंड राज्य का गठन हुआ था, वर्तमान सरकार उस सपने को कमजोर कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अन्याय और अत्याचार बढ़ रहा है, जिसके खिलाफ भाजपा के कार्यकर्ता बूथ स्तर से संगठित होकर संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी है और उसकी विचारधारा को गांव-गांव और व्यक्ति-व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। आदित्य साहू ने कहा कि उनका राजनीतिक सफर बूथ स्तर के कार्यकर्ता से प्रदेश अध्यक्ष तक का रहा है और यह भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है। उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विदेश दौरे को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री निवेश लाने के लिए विदेश गए हैं, लेकिन यह देखना होगा कि वे झारखंड के लिए क्या लेकर आते हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी विदेश यात्राएं हुईं, लेकिन राज्य में निवेश का कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया। बाबूलाल मरांडी ने आदित्य साहू को अनुभवी संगठनकर्ता बताते हुए कहा कि बूथ स्तर से प्रदेश अध्यक्ष बनने के कारण उन्हें किसी विशेष मार्गदर्शन की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल नेता की भूमिकाएं अलग-अलग होने से संगठन और मजबूत होगा। साथ ही उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
वहीं राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने मुख्यमंत्री के विदेश दौरे को झारखंड के लिए एक परीक्षा बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योग बंद हो रहे हैं, निवेशक पलायन कर रहे हैं और कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार केवल खनिज संपदा की लूट में लगी है। दीपक प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री का विदेश दौरा कितना सफल रहा, यह जल्द ही स्पष्ट हो जाएगा। उन्होंने आदित्य साहू को प्रदेश अध्यक्ष बनने पर बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भाजपा संगठन और अधिक मजबूती से जनता से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष करेगा।