सरायकेला : नगरपालिका आम निर्वाचन-2026 के तहत मतदान कार्य के लिए प्रतिनियुक्त कर्मियों को काशी साहू महाविद्यालय, सरायकेला स्थित डिस्पैच सेंटर से विधिवत रवाना किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने संयुक्त रूप से व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने मतदान सामग्रियों की उपलब्धता, सीलबंदी, अभिलेख संधारण, सुरक्षा व्यवस्था और परिवहन प्रबंधन की समीक्षा की।

सरायकेला नगर पंचायत के लिए (रिजर्व सहित) 16 मतदान दल, कपाली नगर परिषद के लिए 39 मतदान दल और आदित्यपुर नगर निगम के लिए 170 मतदान दलों को संबंधित क्लस्टरों में भेजा गया।

सरायकेला नगर पंचायत में 13, कपाली नगर परिषद में 31 और आदित्यपुर नगर निगम में 136 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा। जिन केंद्रों पर 1000 से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं, वहां अतिरिक्त मतदान कर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही, आवश्यकता पड़ने पर त्वरित प्रतिस्थापन के लिए रिजर्व कर्मियों को संबंधित प्रखंडों में भेजा गया है।
सरायकेला नगर पंचायत के 3, कपाली नगर परिषद के 31 और आदित्यपुर नगर निगम के 5 मतदान केंद्रों को पर्दानशीन बूथ के रूप में चिह्नित कर प्रत्येक बूथ पर एक महिला कर्मी की प्रतिनियुक्ति की गई है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान कर्मियों से संवाद कर उन्हें शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा।

