राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत आदित्यपुर के इमली चौक पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

गम्हरिया : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत गम्हरिया प्रखंड के आदित्यपुर नगर क्षेत्र स्थित इमली चौक में जिला परिवहन पदाधिकारी गिरीजा शंकर महतो के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना था।
इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने, लापरवाह ड्राइविंग और यातायात नियमों के उल्लंघन से होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई। साथ ही हिट एंड रन मामलों, गुड समैरिटन कानून और मोटरयान अधिनियम के तहत दंडात्मक प्रावधानों के बारे में सरल भाषा में समझाया गया।
कार्यक्रम के क्रम में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की काउंसलिंग की गई और मौके पर ऑनलाइन चालान भी काटे गए। ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। सड़क सुरक्षा जागरूकता वाहन के माध्यम से गम्हरिया और आदित्यपुर क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया गया। अभियान में सड़क सुरक्षा टीम के अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।

By maskal.news

You May Also Like