कुदाहातु गांव में बिजली समस्या का समाधान, 25 केवीए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन

चक्रधरपुर : प्रखंड के कुदाहातु गांव में पिछले एक वर्ष से चली आ रही बिजली की समस्या का आखिरकार समाधान हो गया है। कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी सह प्रखंड अध्यक्ष विजय सिंह सामाड के प्रयास से गांव में नया 25 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया। सोमवार को उन्होंने फीता काटकर ट्रांसफार्मर का विधिवत उद्घाटन किया।
उद्घाटन के अवसर पर ग्रामीणों ने विजय सिंह सामाड का माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। गांव में बिजली बहाल होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने बताया कि गांव का पुराना 10 केवीए का ट्रांसफार्मर दिसंबर 2024 से खराब पड़ा था, जिससे लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित थी। कई बार जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका था।
इसके बाद ग्रामीणों ने विजय सिंह सामाड से सहायता की गुहार लगाई। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से संपर्क किया और लिखित आवेदन दिया। उनके प्रयास से न केवल ट्रांसफार्मर बदला गया, बल्कि बढ़ते विद्युत भार को देखते हुए 10 केवीए के स्थान पर 25 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया गया।
उद्घाटन के बाद ग्रामीणों ने पेयजल, जर्जर सड़कों और पेंशन से जुड़ी समस्याओं की भी जानकारी दी। विजय सिंह सामाड ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को लिखित आवेदन देकर समयबद्ध कार्रवाई कराई जाएगी।
इस अवसर पर दियुरी राम धन सरदार, बुधराम नापित, सुशील सामाड, मुंशी सरदार, पवन सरदार, करम सिंह सरदार, सुकु सरदार, मनसा सरदार, राम लाल सरदार, पितांबर सरदार, ठाकुर नापित, कर्म मृदा, सोना मुनी सरदार, सरस्वती सरदार, मुक्ती सरदार, डोमनी सरकार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

By maskal.news

You May Also Like