राज्य

हटगम्हारिया में मनरेगा लाभुकों के खातों में गड़बड़ी का आरोप, ठेकेदारों पर धोखाधड़ी की आशंका

हटगम्हारिया में मनरेगा लाभुकों के खातों में गड़बड़ी का आरोप, ठेकेदारों पर धोखाधड़ी की आशंका

पश्चिमी सिंहभूम : हटगम्हारिया प्रखंड के कुशमिता पंचायत के कई गांवों में मनरेगा से जुड़े 4–5 ठेकेदारों पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि ये ठेकेदार किसी एक AESP आईडी (जैसे—एयरटेल पेमेंट बैंक, पोस्ट पेमेंट बैंक, फिनो पेमेंट बैंक आदि) का इस्तेमाल कर जॉब कार्ड धारकों से झूठ बोलकर उनका फिंगरप्रिंट लेते हैं और उनके नाम पर बैंक खाता तथा एटीएम कार्ड बनवा लेते हैं। लाभुकों को न तो खाते की जानकारी दी जाती है और न ही एटीएम कार्ड उपलब्ध कराया जाता है।

मामला तब उजागर हुआ जब मनरेगा की आधिकारिक वेबसाइट पर जांच में यह पाया गया कि कई महिलाओं और बुजुर्गों के खातों में मनरेगा मजदूरी का पैसा जमा हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि जिनके नाम पर ये खाते खुले हुए हैं, उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं है। गांव में जब कुछ महिलाओं से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि उन्हें किसी भी बैंक खाते या भुगतान की जानकारी नहीं दी गई है।
स्थानीय लोगों ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।

चाईबासा में बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष समारोह आयोजित

चाईबासा में बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष समारोह आयोजित

चाईबासा : धरती आबा वीर बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के रजत जयंती अवसर पर चाईबासा के गितिलपी चौक और कॉलेज मोड़ में कोल्हान शहीद स्मारक समिति की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ग्रामीण दिऊरि रमेश सवैंया ने आदि संस्कृति की पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा कर की। इसके बाद सांस्कृतिक मंच पर स्थानीय कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिससे माहौल उत्सवमय हो गया।

इस आयोजन का उद्देश्य वीर बिरसा मुंडा के योगदान को याद करना और 15 नवंबर 2000 से मनाए जा रहे झारखंड स्थापना दिवस के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करना था। कार्यक्रम को कोल्हान के उन आंदोलनकारियों की स्मृति में भी समर्पित किया गया, जिन्होंने अलग झारखंड राज्य की लड़ाई को मजबूत किया था।

कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में “नो एंट्री” आंदोलन के समर्थक और सामाजिक कार्यकर्ता साधु हो’ उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा इसी कोल्हान क्षेत्र से शुरू की थी, इसलिए यहां उनकी जयंती मनाना गर्व की बात है। उन्होंने युवाओं से कोल्हान की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की अपील की और घोषणा की कि आने वाले वर्षों में इस दिवस को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मनाने के प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष सोना सवैंया, कृष्ण चंद्र सवैंया, दिनेश चंद्र सवैंया, अदम मुंदुईया, ललित सवैंया, बुदन सिंह सवैंया, रंजन मुंदुईया, कमल किशोर सिरका, सलेन मुंदुईया, सरस्वती मुंदुईया सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

उलिहातु में बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस पर भव्य समारोह आयोजित

उलिहातु में बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस पर भव्य समारोह आयोजित

खूंटी : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड स्थापना दिवस पर मंगलवार को खूंटी जिले के उलिहातु स्थित बिरसा मुंडा कॉम्प्लेक्स में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम शामिल हुए।

सभी अतिथियों ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके संघर्ष, जनसेवा तथा स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान को याद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनजातीय समुदाय के सदस्य और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने कहा कि बिरसा मुंडा जनजातीय अस्मिता के प्रतीक और देश की स्वतंत्रता व अधिकारों की लड़ाई के प्रेरक रहे हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने जनजातीय समाज के विकास के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख किया।

जनजातीय गौरव दिवस और झारखंड राज्य के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह समारोह उत्साह और सम्मान के साथ संपन्न हुआ।

कांग्रेस भवन चाईबासा में बिरसा मुंडा जयंती पर स्मृति सभा आयोजित

कांग्रेस भवन चाईबासा में बिरसा मुंडा जयंती पर स्मृति सभा आयोजित

चाईबासा : धरती आबा वीर बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर शनिवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में स्मृति सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करने से हुई।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने उनकी जीवनी पर प्रकाश डाला और अन्याय, शोषण तथा अत्याचार के खिलाफ उनके आंदोलन से प्रेरणा लेकर आदिवासी, दलित और वंचित लोगों के उत्थान के लिए काम करने का संकल्प लिया।

पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि जिस तरह वीर बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष कर उन्हें चुनौती दी, उसी प्रकार वर्तमान समय में भी अन्याय और अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने की आवश्यकता है।

सभा में कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, जिला महासचिव लियोनार्ड बोदरा, शिक्षा विभाग जिला चेयरमैन पुरुषोत्तम दास पान, नगर अध्यक्ष मो. सलीम, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां सहित , जदोराय मुंडरी , सीताराम गोप , सोनाराम कोड़ाह , सिकुर गोप , राहुल पुरती , संजय हेम्ब्रम , मंडल अध्यक्ष गोरा सिंह पुरती , वरीय कांग्रेसी राम सिंह सावैयां , डॉ. क्रांति प्रकाश , संतोष सिन्हा , विजय सिंह तुबिद , सुशील दास , जॉन तामसोय , साहू मारला कई कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

चक्रधरपुर में बिरसा मुंडा जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया

चक्रधरपुर में बिरसा मुंडा जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया

पश्चिमी सिंहभूम : चक्रधरपुर के पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर, पंपरोड में शनिवार को भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस बड़े श्रद्धापूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपाध्यक्ष श्रीमती दमयंती नाग, प्रधानाचार्य आनंद चन्द्र प्रधान, अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव और रेणुका प्रधान द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पित कर किया गया।

प्रधानाचार्य आनंद चन्द्र प्रधान ने अतिथियों का परिचय कराया और सभी को बिरसा मुंडा जयंती की शुभकामनाएँ दी। उन्होंने बिरसा मुंडा की जीवनी और उनके आदिवासी समाज में योगदान पर प्रकाश डाला। दमयंती नाग ने भी सभी को शुभकामनाएँ दी।

विद्यालय के छात्रों ने आदिवासी वेश-भूषा पहनकर लोक नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि कुछ छात्र बिरसा मुंडा के रूप में तीर और धनुष के साथ कार्यक्रम को और भव्य बनाया। कई बच्चों ने बिरसा मुंडा की जीवनी पर हिंदी और अंग्रेजी में भाषण दिए।

कार्यक्रम का संचालन सौभिक घटक ने किया। जय श्री दास और शांति देवी ने भी बिरसा मुंडा की जीवनी और जनजातीय गौरव दिवस पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम को सफल बनाने में जयश्री दास, शांति देवी, मीना कुमारी, सौभिक घटक, स्वास्तिक सोय, भारती कुमारी, चांदनी जोंको और जयंती तांती का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

बिरसा मुंडा भारतीय आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी और लोक नायक थे – आनंद प्रधान

जगन्नाथपुर में बिरसा मुंडा जयंती और झारखंड स्थापना दिवस समारोह आयोजित

जगन्नाथपुर में बिरसा मुंडा जयंती और झारखंड स्थापना दिवस समारोह आयोजित

पश्चिमी सिंहभूम : जगन्नाथपुर के आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में किसान विकास समिति, साननंदा द्वारा धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं झारखंड राज्य के 25वें स्थापना दिवस का समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जगन्नाथपुर विधानसभा के लोकप्रिय विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के उपमुख्य सचेतक श्री सोनाराम सिंकु जी उपस्थित रहे। साथ में जगन्नाथपुर प्रखण्ड अध्यक्ष ललित कुमार दोराईबुरू और नोवामुंडी प्रखण्ड अध्यक्ष मंजीत प्रधान भी शामिल हुए।

किसान विकास समिति के अध्यक्ष श्री रंजीत गागराई के नेतृत्व में विधायक का पारंपरिक ढोल-नगाड़ा बजाकर हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया गया। विधायक ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और झारखंड आंदोलनकारियों को समर्पित किसान विकास समिति परिसर में बने झारखंड आंदोलनकारी पार्क का निरीक्षण किया। पार्क में आंदोलनकारी साथियों के नामों को देखकर उन्होंने झारखंड अलग राज्य बनने की कठिनाइयों और संघर्षों को याद किया।

कार्यक्रम में किसान विकास समिति के सलाहकार एवं ग्रामीण नेता स्व. कानुराम लागुरी को भी श्रद्धांजलि दी गई। उनके फोटो पर पुष्प अर्पित किए गए और दो मिनट का मौन रखा गया।

इस अवसर पर प्रखण्ड अध्यक्ष ललित कुमार दोराईबुरू, मंजीत प्रधान, अफताब आलम, मकरध्वज सरदार, सोमनाथ सिंकु, रंजन गोप, मथुरा लागुरी, मंजीत लागुरी, अजीत गागराई, सुशील लागुरी, विनीत कुमार लागुरी, सुदर्शन लागुरी, रमेश लागुरी, विशाल गोप, जग्गू केराई, बिशु केराई, किंगशन सिंकु, सनातन सिंकु, हरीश चन्द्र पान, सरफराज आलम, बबलु गोप, रंजीत गागराई, रोशन पान, संतोष मुंडा, मंगल सिंह लागुरी, मनोबोध लोहार, शमशाद आलम, जगदीश हेस्सा, गुरा सिंकु, मोटू गगराई, मनोज सिंकु, महेंद्र तांती सहित अन्य कांग्रेसी जन उपस्थित रहे।

घाटशिला उपचुनाव: काशिफ़ रज़ा ने जेएमएम उम्मीदवार को दी बधाई

घाटशिला उपचुनाव: काशिफ़ रज़ा ने जेएमएम उम्मीदवार को दी बधाई

घाटशिला : घाटशिला उपचुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद आज़ाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष काशिफ़ रज़ा ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन को जीत पर हार्दिक बधाई दी।

काशिफ़ रज़ा ने कहा कि घाटशिला की जनता ने लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास जताते हुए अपना प्रतिनिधि चुना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सोमेश चंद्र सोरेन क्षेत्र के विकास, सामाजिक समस्याओं के समाधान और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए सक्रिय कदम उठाएंगे।

उन्होंने आगे कहा, “जनता जिसे चुनती है, उसकी जिम्मेदारी बढ़ जाती है। हम लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करते हुए जेएमएम उम्मीदवार को शुभकामनाएँ देते हैं।”

वीणा पानी ज्ञानोदय मॉडर्न पब्लिक स्कूल, गम्हरिया में बाल दिवस समारोह सम्पन्न

वीणा पानी ज्ञानोदय मॉडर्न पब्लिक स्कूल, गम्हरिया में बाल दिवस समारोह सम्पन्न

गम्हरिया : वीणा पानी ज्ञानोदय मॉडर्न पब्लिक स्कूल, गम्हरिया में गुरुवार को बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रातःकालीन सभा में बच्चों ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

छात्रों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि “बच्चे किसी भी समाज की नींव होते हैं और उनका सर्वांगीण विकास ही राष्ट्र की प्रगति का आधार है।”

कार्यक्रम के अंत में बच्चों में मिठाइयां वितरित की गई और पूरे दिन विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल रहा।

25 साल का झारखंड, फिर भी रोजगार लापता, बीजेपी, आजसू, कांग्रेस, झामुमो ने बारी-बारी जनता को ही ठगा:- धी. रामहरि पेरियार

25 साल का झारखंड, फिर भी रोजगार लापता, बीजेपी, आजसू, कांग्रेस, झामुमो ने बारी-बारी जनता को ही ठगा:- धी. रामहरि पेरियार

चाईबासा : झारखंड अपनी 25वीं वर्षगांठ मनाने में व्यस्त है। सरकारी कार्यक्रमों से लेकर मीडिया तक, हर जगह जश्न की भाषा बोली जा रही है। लेकिन राज्य की जनता का सच इस चमक-दमक से बिल्कुल उलट है।
    धी. रामहरि पेरियार, एंटी करप्शन ऑफ इंडिया के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष, ने बेहद तीखे शब्दों में राज्य की स्थिति पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा पच्चीस साल का झारखंड आज भी नियोजन नीति जैसी बुनियादी चीज के लिए तरस रहा है। सरकारें आईं, सरकारें गईं, लेकिन रोजगार और पारदर्शिता अभी तक पैदा नहीं हुई।
       पेरियार ने साफ आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार केवल बीमारी नहीं, बल्कि व्यवस्था में गहरा धँसा हुआ ढांचा बन चुका है।
अंचल कार्यालय, राजस्व विभाग से लेकर थाना तक—हर जगह जनता की परेशानी कम और सेवा शुल्क ज्यादा सुना जाता है।

सभी राजनीतिक पार्टियों पर सीधा हमला

धी. पेरियार ने सबसे सख्त टिप्पणी करते हुए कहा बीजेपी, आजसू, कांग्रेस और झामुमो इन सभी पार्टियों ने इन 25 वर्षों में बारी-बारी से सरकार बनाई,
लेकिन चारों ने मिलकर झारखंड की जनता को ठगने का काम किया है।
जनता के सपनों को कुचला गया, और नेताओं की जेबें भरी गईं।
     उन्होंने कहा कि राज्य गठन का मकसद आदिवासी-अनुसूचित क्षेत्र को सम्मान, अधिकार और अवसर देना था, लेकिन हुआ इसके उलट।
जनता खून-पसीना बहा रही है और पूरा सरकारी सिस्टम अवैध वसूली कर रहा है।

राज्य बना, पर व्यवस्था नहीं बनी

धी. रामहरि पेरियार ने चेतावनी देते हुए कहा जनता फाइल लेकर दफ्तरों में चक्कर काटती है, और अफसर फाइल नहीं, जेब देखने में व्यस्त रहते हैं। अगर यही मॉडल है, तो 25 साल का जश्न एक क्रूर मजाक से ज्यादा कुछ नहीं।

उन्होंने अंत में कहा झारखंड 25 साल का जरूर हो गया, लेकिन ईमानदार शासन, पारदर्शी नीति और रोजगार, आज भी लापता हैं।

झारखंड में आदिवासी समाज की रक्षा को लेकर संघर्ष जारी

झारखंड में आदिवासी समाज की रक्षा को लेकर संघर्ष जारी

घाटशिला : झारखंड में आदिवासी समाज की भाषा, संस्कृति, परंपरा और अस्तित्व की रक्षा के लिए हमारा संघर्ष जारी है। हमारी लड़ाई घुसपैठियों, धर्मांतरण और बदलती डेमोग्राफी के खिलाफ है।

घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के समर्थकों को धन्यवाद देते हुए कहा गया कि चुनाव आते-जाते रहेंगे, हार-जीत होती रहेगी, लेकिन आदिवासी समाज और उसका अस्तित्व सुरक्षित रहना चाहिए।

पाकुड़, साहिबगंज समेत कई जिलों में आदिवासी समाज और भूमिपुत्रों की जमीन, उनकी बहू-बेटियों की अस्मत की रक्षा करना हमारी प्राथमिकता है। राज्य में आदिवासियों पर अत्याचार या उनके अधिकारों का हनन होने पर हमारा विरोध लगातार जारी रहेगा।