maskal.news

805 Posts
सरायकेला-खरसावाँ में अफीम की अवैध खेती रोकने के लिए प्री-कल्टीवेशन ड्राइव जारी

सरायकेला-खरसावाँ में अफीम की अवैध खेती रोकने के लिए प्री-कल्टीवेशन ड्राइव जारी

सरायकेला : सरायकेला-खरसावाँ पुलिस द्वारा वर्तमान फ़सलीय वर्ष में जिलेभर में अफीम की अवैध खेती की संभावना को समाप्त करने के उद्देश्य से प्री-कल्टीवेशन ड्राइव चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस विभिन्न माध्यमों से अवैध अफीम खेती की रोकथाम और वैकल्पिक कृषि को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चला रही है।

पिछले फसलीय वर्ष में जहां-जहां अफीम की खेती की गई थी, उन स्थानों का सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन के दौरान पाया गया कि कई किसानों ने अफीम की जगह अन्य फसलों के लिए खेतों की जुताई कर ली है। वैकल्पिक खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज, 18-11-25 को चौका थाना प्रभारी बजरंग महतो द्वारा चौका थाना क्षेत्र के सबसे सुदूर गांव मुटुदा में उच्च गुणवत्ता वाले चना, सरसों, गेहूं और मटर के बीज का वितरण किया गया।

इस कार्यक्रम में लगभग 450 किलोग्राम बीज का वितरण किया गया, जिससे किसान अफीम छोड़कर सब्जियों एवं अनाज की खेती कर सकें। बीज वितरण के दौरान 70 से 80 किसान परिवारों को लाभ दिया गया।

पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि वे अफीम की खेती का पूर्ण रूप से बहिष्कार करें और पारंपरिक सब्जियों एवं अनाजों की खेती को बढ़ावा दें।

चाईबासा में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ‘Unity March’ का शुभारंभ , भाजपा नेताओं और युवाओं की बड़ी भागीदारी

चाईबासा में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ‘Unity March’ का शुभारंभ , भाजपा नेताओं और युवाओं की बड़ी भागीदारी

चाईबासा : सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने पुरानी डीसी ऑफिस स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने ‘Sardar@150 Unity March’ का औपचारिक शुभारंभ किया।

इस एकता मार्च में भाजपा के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। मार्च के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रभावना का संदेश दिया गया।

सांसद आदित्य साहू ने कहा कि “सरदार पटेल भारत की एकता के शिल्पकार थे। उनकी 150वीं जयंती युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने का अवसर है। यह Unity March नया, मजबूत और एकजुट भारत का संकल्प है।” उन्होंने बताया कि यह राष्ट्रीय अभियान MY Bharat, NSS, NCC और विभिन्न मंत्रालयों के सहयोग से पूरे देश में संचालित हो रहा है।

मार्च में चाईबासा के कई शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और युवा समूहों की सक्रिय भागीदारी रही। प्रमुख उपस्थितियों में गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्या डॉ. प्रतिभा सिन्हा, डीपीएस के प्राचार्य डॉ. दीपेन्द्र प्रसाद साहू, डॉ. अर्पित सुमन, डॉ. हरीश, डॉ. मुकुल (एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी), जिला युवा अधिकारी अभिषेक आनंद और कार्यक्रम सहायक गिरीजनंद रत्नाकर शामिल थे।

वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता—पूर्व मंत्री बड़कुवर गागराई, पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा, जिला अध्यक्ष संजय पांडेय तथा अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
चैंबर ऑफ कॉमर्स, रेड क्रॉस सोसाइटी, मारवाड़ी युवा मंच, हिंदू जागरण मंच, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सरदार पटेल के विचारों और प्रेरणा से जोड़ना तथा आगामी 26 नवंबर को होने वाले राष्ट्रीय आयोजन के लिए जनसंपर्क को मजबूत करना रहा।

जगन्नाथपुर–सेरेंगसिया मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक सवार पर्धान कुदादा की मौत, तीन घायल

जगन्नाथपुर–सेरेंगसिया मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक सवार पर्धान कुदादा की मौत, तीन घायल

पश्चिमी सिंहभूम :  किताहातु के पास बीती रात एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। घटना जगन्नाथपुर–सेरेंगसिया मुख्य मार्ग पर स्थित किताहातु गांव के पास हुई, जहां तीन मोटरसाइकिलों की आपस में टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार पर्धान कुदादा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार तीन मोटरसाइकिलों की आपस में टक्कर हो गई और टक्कर के बाद एक बाइक सड़क किनारे गिर पड़ी, जिससे पर्धान कुदादा को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जबकि घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

मतदाता सूची पैतृक मैपिंग में तेजी लाने के निर्देश, लापरवाही बर्दाश्त नहीं: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी

मतदाता सूची पैतृक मैपिंग में तेजी लाने के निर्देश, लापरवाही बर्दाश्त नहीं: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी

रांची : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार ने बताया कि राज्य में वर्तमान मतदाता सूची की 2003 की सूची से पैतृक मैपिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। इसे प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द पूरा करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि कुछ विधानसभा क्षेत्रों में पैतृक मैपिंग का कार्य 70% तक पूरा हो चुका है। ऐसे क्षेत्रों में आगामी मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य में अधिक सुविधा होगी। वहीं जिन विधानसभा क्षेत्रों में पैतृक मैपिंग अभी कम हुई है, वहां वोटर आउटरीच प्रोग्राम चलाकर इस कार्य में गति लाने का निर्देश दिया गया है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मैपिंग कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और इसे समय पर पूरा करना अनिवार्य है। साथ ही राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर बीएलए (BLA) की नियुक्ति तेजी से कराने का आग्रह करने को कहा गया, ताकि आगामी मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य और अधिक निष्पक्ष हो सके।

बैठक मंगलवार को निर्वाचन सदन से सभी जिलों के ईआरओ और उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ की गई।
इस अवसर पर संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुबोध कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री धीरज कुमार ठाकुर सहित सभी जिलों के अधिकारी उपस्थित रहे।

झारखंड हाईकोर्ट ने जेल प्रशासन और पुलिस थानों पर दिए महत्वपूर्ण निर्देश

झारखंड हाईकोर्ट ने जेल प्रशासन और पुलिस थानों पर दिए महत्वपूर्ण निर्देश

रांची : झारखंड हाईकोर्ट में आज जेल व्यवस्था और राज्य के थानों को लेकर महत्वपूर्ण सुनवाई हुई। मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान की खंडपीठ ने बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में शराब व जीएसटी घोटाले के आरोपियों द्वारा डांस करते हुए वीडियो वायरल होने पर स्वतः संज्ञान लिया था।

सुनवाई के दौरान अदालत ने राज्य सरकार को दो दिनों के भीतर बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में नियमित जेल अधीक्षक नियुक्त करने का मौखिक आदेश दिया। साथ ही गृह विभाग को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि जेल में किसी भी प्रकार के मोबाइल फोन, चार्जर या नशे का सामान न जाए। इसके अलावा, झालसा एवं पुलिस प्रशासन को समय-समय पर जेल का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। इस मामले की अगली सुनवाई 5 दिसंबर को होगी।

दूसरी ओर, झारखंड हाईकोर्ट ने प्रॉपर्टी रिएल्टी प्राइवेट लिमिटेड, शौभिक बनर्जी एवं अन्य की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए राज्य सरकार को 5 जनवरी तक झारखंड के सभी पुलिस थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया है। अदालत के आदेश पर आज मुख्य सचिव, गृह सचिव, डीजीपी और आईटी सचिव हाईकोर्ट में सशरीर उपस्थित हुए।

याचिका में आरोप लगाया गया कि चेक बाउंस मामले में बेल लेने धनबाद आए शौभिक बनर्जी को धनबाद पुलिस ने दो दिनों तक थाना में अवैध रूप से बैठाए रखा और दबाव बनाकर दूसरे पक्ष की मदद की। यह पूरा घटनाक्रम बैंक मोड़ थाने में लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुआ था। हाईकोर्ट द्वारा रिकॉर्ड मांगे जाने पर पुलिस ने केवल दो दिनों का बैकअप उपलब्ध होने की बात कही। इस पर अदालत ने मामले को गंभीर मानते हुए शीर्ष पुलिस अधिकारियों को सशरीर उपस्थित होने का आदेश दिया था।

जल मीनार का विधायक दशरथ गागराई ने किया उद्घाटन

जल मीनार का विधायक दशरथ गागराई ने किया उद्घाटन

सरायकेला_खरसावाँ : गम्हारिया प्रखंड के ग्राम दुगनी, बड़ामथान में खरसावां विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक श्री दशरथ गागराई ने अपने निजी फंड से निर्मित जल मीनार का मंगलवार को विधिवत उद्घाटन किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय सदस्य सुधीर महतो, विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप, सरायकेला प्रखंड उप प्रमुख बासुदेव महतो, जिला उपाध्यक्ष संजय प्रधान, गम्हारिया प्रखंड विधायक प्रतिनिधि पंकज प्रधान, गम्हारिया प्रखंड अध्यक्ष प्रकाश महतो, सरायकेला प्रखंड अध्यक्ष भगत महतो, खरसावां प्रखंड अध्यक्ष अरुण जामुदा, लक्ष्मण महतो, मनसा टुडू, शैलेन्द्र महतो सहित पुलिस विभाग के वरीय अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

जल मीनार निर्माण से ग्रामवासियों को पेयजल सुविधा में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

पश्चिम सिंहभूम में सड़क चौड़ीकरण के नाम पर बड़ा घोटाला उजागर, कृषि भूमि पर फर्जी निर्माण से करोड़ों का मुआवजा निकाला गया

पश्चिम सिंहभूम में सड़क चौड़ीकरण के नाम पर बड़ा घोटाला उजागर, कृषि भूमि पर फर्जी निर्माण से करोड़ों का मुआवजा निकाला गया

चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले में सड़क चौड़ीकरण परियोजनाओं के नाम पर बड़े पैमाने पर मुआवजा घोटाला, अवैध निर्माण और भू-अर्जन विभाग–दलाल गठजोड़ का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। एंटी करप्शन ऑफ इंडिया झारखंड प्रदेश अध्यक्ष रामहरि पेरियार ने उपायुक्त को विस्तृत शिकायत देकर पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, अधिसूचना जारी होने के बाद कई मार्गों—कुदाहतु–उसम्बीर, टोंटो–मंझारी, जोड़ापोखर–झींकपानी—पर रातों-रात एक जैसे डिजाइन के अस्थायी और सेडनुमा घर खड़े कर दिए गए। अधिकांश भूमि अब भी राजस्व रिकॉर्ड में कृषि भूमि के रूप में दर्ज है, फिर भी आवासीय मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

शिकायत में आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण विभाग और भू-अर्जन कार्यालय में 35–40% कमीशन लेकर फर्जी फाइलें पास की जा रही हैं। इससे न केवल सरकारी खजाने को नुकसान हुआ है, बल्कि कई ग्रामीणों की जमीन भी गलत तरीके से प्रभावित हुई है।

पेरियार ने कहा है कि कृषि भूमि पर बिना कन्वर्ज़न और बिना नक्शा स्वीकृति के निर्माण करना अवैध है, फिर भी इन्हीं संरचनाओं का हवाला देकर भारी मुआवजा निकाला जा रहा है। यह पूरी प्रक्रिया भारतीय न्याय संहिता की धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र संबंधी धाराओं के अंतर्गत गंभीर अपराध है।

उन्होंने उपायुक्त से मांग की है कि अधिसूचना के बाद बने सभी निर्माणों की पहचान कर हटाया जाए, फर्जी मुआवजों को रद्द किया जाए, संलिप्त अधिकारियों–दलालों पर FIR दर्ज हो, और पूरे मामले की जांच सतर्कता ब्यूरो या लोकायुक्त से कराई जाए। साथ ही मुआवजा सूची और भुगतान राशि को जिला वेबसाइट पर सार्वजनिक करने की मांग भी की गई है।

शिकायत के साथ कई स्थानों पर बने सेडनुमा घरों के GPS फोटो भी संलग्न किए गए हैं, जिन्हें शिकायत में घोटाले का प्रत्यक्ष प्रमाण बताया गया है।

मानकी मुण्डा संघ कोल्हान पोड़ाहाट समिति में पुनर्गठन अटका – आपात बैठक की जरूरत पर महासचिव चंदन होनहागा का बयान

मानकी मुण्डा संघ कोल्हान पोड़ाहाट समिति में पुनर्गठन अटका – आपात बैठक की जरूरत पर महासचिव चंदन होनहागा का बयान

पश्चिमी सिंहभूम : कोल्हान पोड़ाहाट क्षेत्र के सभी मानकी मुण्डा एवं डाकुवा समुदाय से संवाद करते हुए, मानकी मुण्डा संघ कोल्हान पोड़ाहाट केन्द्रीय समिति पश्चिमी सिंहभूम झारखंड के महासचिव चंदन होनहागा ने समिति के पुनर्गठन में आ रही परेशानियों पर चिंता व्यक्त की है।

उन्होंने बताया कि नवंबर माह की मासिक बैठक में उपस्थिति अत्यंत कम रही, जिसके कारण पुनर्गठन की तिथि तय करना संभव नहीं हो पाया। साथ ही पिछले तीन वर्षों से केंद्रीय कोषाध्यक्ष की ओर से हिसाब-किताब प्रस्तुत न किए जाने को भी एक बड़ी समस्या बताया।

महासचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि यह मुद्दा किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि समूचे मानकी मुण्डा एवं डाकुवा समुदाय की सामूहिक जिम्मेदारी से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि समय पर पुनर्गठन हो जाता, तो कई नये चेहरे समिति में आते और काम को मजबूती मिलती।

आपातकालीन बैठक की जरूरत

चंदन होनहागा ने सुझाव दिया कि नवंबर माह में ही एक आपातकालीन बैठक आयोजित कर समाधान निकाला जाना चाहिए, अन्यथा स्थिति लगातार बिगड़ती जाएगी।

न्याय पंच को लेकर गंभीर टिप्पणी

समिति से जुड़े मानकी मुण्डा न्याय पंच को लेकर भी उन्होंने गंभीर टिप्पणियां कीं। उनका कहना है कि न्याय पंच समिति का ही हिस्सा होते हुए भी कई कार्यकर्ता स्वयं को अलग समझ रहे हैं, जो किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है।

महासचिव ने विधि सलाहकार श्री महेंद्र दोराईबुरू पर अत्यधिक हस्तक्षेप का आरोप लगाते हुए कहा कि

> “उन्हें अपने दायरे में रहकर कार्य करना चाहिए और न्याय पंच में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। इसी वजह से कई मानकी मुण्डा एवं डाकुवाओं को परेशानी हो रही है।”



उन्होंने मांग की कि —

1) वे बिना का मानकी मुण्डा न्याय के कार्यालय में भी न प्रवेश करें।


2. उन्हें एवं उनकी धर्म पत्नी को सलाहकार समिति से हटाया जाए, क्योंकि वे समिति की स्वीकृति से नहीं बल्कि स्वयं नियुक्त हुए हैं।



महासचिव ने यह भी आरोप लगाया कि उनके खिलाफ, उनके क्लाइंट के माध्यम से उपायुक्त पश्चिमी सिंहभूम व विधानसभा सचिवालय, रांची में भारी आरोप पत्र भेजा गया है, जो समिति की मर्यादा के विरुद्ध है।

अंत में उन्होंने कहा—
“अब आप ही सोचिए, ऐसे सलाहकार को समिति में जगह कैसे दी जा सकती है?”

और सभी सदस्यों को हार्दिक जोहार प्रेषित किया।

मानगो में नाली व जलजमाव समस्या पर कार्रवाई की पहल

मानगो में नाली व जलजमाव समस्या पर कार्रवाई की पहल

जमशेदपुर : मानगो क्षेत्र में लगातार बढ़ती नाली और जलजमाव की समस्या को लेकर आज़ाद समाज पार्टी के जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद फ़ैयाज़ आलम और राशिद खान ने सोमवार को पहल की। दोनों नेता मानगो नगर निगम कार्यालय पहुँचकर सिटी मैनेजर निशांत कुमार से मिले और ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 3, सिबतैन मस्जिद के पास बह रही नाली के पानी की समस्या पर चर्चा की।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि नाली क्षतिग्रस्त होने के कारण गंदा पानी सड़क पर फैल जाता है, जिससे आवाजाही में दिक्कत होती है। दुकानदारों और राहगीरों ने बताया कि बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है। दुर्गंध और गंदगी से स्वास्थ्य खतरे भी बढ़ रहे हैं।

नेताओं ने नगर निगम अधिकारियों से नाली का पुनर्निर्माण करने और उसमें मजबूत स्लैब लगाने की मांग की, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

सिटी मैनेजर निशांत कुमार ने आश्वासन दिया कि समस्या को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिए जाएंगे।

स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि निगम की कार्रवाई से उनकी लंबे समय से चल रही परेशानी दूर होगी। इसे क्षेत्र में स्वच्छता और जनसुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

सरदार पटेल जयंती पर भाजपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस, मंगलवार को चाईबासा में यूनिटी मार्च

सरदार पटेल जयंती पर भाजपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस, मंगलवार को चाईबासा में यूनिटी मार्च

चाईबासा : सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, पश्चिमी सिंहभूम ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, जिला अध्यक्ष संजय पांडे, प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कूवर गागराई, पूर्व विधायक जवाहरलाल बांनरा और गुरु चरण नायक सहित कई नेता उपस्थित थे।

सांसद आदित्य साहू ने बताया कि सरदार पटेल की स्मृति में मंगलवार को चाईबासा में यूनिटी मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च सुबह 8 बजे पुरानी डीसी ऑफिस के पास स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा स्थल से शुरू होगा। उन्होंने शहरवासियों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से अधिक संख्या में शामिल होकर एकता के संदेश को मजबूत करने की अपील की।

आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के योगदान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नया सम्मान मिला है। उन्होंने बताया कि विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा—स्टैच्यू ऑफ यूनिटी—देश की ओर से सरदार पटेल को दी गई सर्वोच्च श्रद्धांजलि है। इसके साथ ही केंद्र सरकार ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए प्रशासनिक सुधार, सीमाओं की सुरक्षा और सहकारी संघवाद को मजबूत कर रही है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि सरदार पटेल ने 562 रियासतों को एकजुट कर आधुनिक भारत की नींव रखी। आज भाजपा सरकार उसी संकल्प के साथ देश को मजबूत, आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने के लिए कार्य कर रही है।

अंत में, नेताओं ने सभी नागरिकों से यूनिटी मार्च में शामिल होकर सरदार पटेल को सामूहिक श्रद्धांजलि देने की अपील की।