रायगढ़ | महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पातालगंगा नदी में करीब 3,000 एलपीजी गैस सिलेंडर बहते दिखाई दिए हैं। नदी में बहते सिलेंडरों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, पनवेल तालुका के चावणे स्थित एचपीसीएल के पातालगंगा एलपीजी बॉटलिंग प्लांट परिसर में भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया। इसके बाद बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बहकर पातालगंगा नदी में पहुंच गए। बताया जा रहा है कि बहने वाले सिलेंडरों में कुछ भरे हुए हैं, जबकि कुछ खाली हैं।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। रायगढ़ के जिलाधिकारी किशन जावले ने नागरिकों से अपील की है कि नदी या उसके किनारे बहकर आए किसी भी गैस सिलेंडर के पास न जाएं। उन्होंने लोगों से सिलेंडर उठाने, घर ले जाने, छूने, खोलने या इस्तेमाल करने की कोशिश न करने की भी अपील की है।

जिलाधिकारी ने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बहकर आए सिलेंडरों में गैस भरी हुई है या नहीं और उनकी स्थिति कितनी सुरक्षित है। ऐसे में किसी भी सिलेंडर के साथ छेड़छाड़ करना बेहद खतरनाक और जानलेवा साबित हो सकता है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि पातालगंगा नदी या आसपास के क्षेत्रों में कहीं भी गैस सिलेंडर दिखाई दे, तो उसकी सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन या संबंधित अधिकारियों को दें। लोगों को सिलेंडरों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

लगातार बारिश के बीच पातालगंगा नदी में बहते हजारों गैस सिलेंडरों ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और राहत व बचाव की कार्रवाई जारी है।

