चाईबासा | बी.एड./एम.एड./बी.पी.एड. संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष आयोजन को लेकर जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा संचालन से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जानकारी दी गई कि बी.एड./एम.एड./बी.पी.एड. संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन 31 मई 2026 को पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा के लिए जिले में कुल 1,398 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।

जिले में परीक्षा के लिए निर्धारित केंद्रों में मांगीलाल रुंगटा प्लस टू उच्च विद्यालय, पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर तथा पीएम श्री अपग्रेडेड 10+2 गवर्नमेंट गर्ल्स हाई School शामिल हैं।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं।

उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने को कहा।

