कोल्हान : पश्चिमी सिंहभूम जिले के अति नक्सल प्रभावित सारंडा जंगल में शनिवार को आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ की 209 कोबरा बटालियन के दो जवान घायल हो गए। विस्फोट नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी में हुआ।

जानकारी के अनुसार, छोटा नागरा थाना क्षेत्र के चडरी डेरा गांव के पास पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी सर्च अभियान चला रही थी। इसी दौरान जवान आईईडी की चपेट में आ गए। विस्फोट में हेड कांस्टेबल/जीडी दिनेश राउत और हेड कांस्टेबल/जीडी बलजिंदर घायल हुए। दोनों जवानों की जांघ (थाई) में स्प्लिंटर लगने से चोट आई है। इनमें से एक जवान की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा बल अभियान पर निकले थे, तभी यह विस्फोट हुआ। घायल जवानों को तुरंत जंगल से निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया।

इसके बाद दोनों जवानों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची के अस्पताल भेजा गया। घटना का सटीक स्थान 22°11’00.84″ उत्तर अक्षांश और 85°10’24.64″ पूर्व देशांतर बताया गया है।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। सारंडा क्षेत्र में भाकपा माओवादी नक्सलियों के खिलाफ जिला पुलिस और सीआरपीएफ का संयुक्त अभियान लगातार जारी है।
जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल में जाने से बचें। यदि जाना आवश्यक हो तो सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सुरक्षा बलों ने कहा है कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

