चक्रधरपुर : राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत कोल्हान विश्वविद्यालय के स्वयंसेवक लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। वर्ष 2026 की गणतंत्र दिवस परेड के लिए पूरे कोल्हान क्षेत्र से प्रवीण का चयन हुआ, जो मधुसूदन महतो शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के छात्र हैं।

परेड चयन प्रक्रिया जुलाई 2025 से शुरू होकर विश्वविद्यालय, राज्य और जोन स्तर से गुजरते हुए अंतिम चरण तक पहुंची, जिसमें देशभर से लगभग 200 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ।

परेड शिविर 1 जनवरी से 31 जनवरी तक दिल्ली में आयोजित हुआ। इस दौरान स्वयंसेवकों को कर्तव्य पथ पर परेड प्रशिक्षण के साथ दिल्ली और आगरा भ्रमण भी कराया गया। 26 जनवरी के बाद स्वयंसेवकों की मुलाकात राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई, जहां फोटो सेशन और संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

प्रवीण का चयन शारीरिक दक्षता, परेड प्रदर्शन, साक्षात्कार तथा झारखंड की कला-संस्कृति और प्रसिद्ध छऊ नृत्य की प्रस्तुति के आधार पर हुआ। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, शिक्षकों, एनएसएस अधिकारियों और साथियों को दिया। इस उपलब्धि से उनके परिवार में खुशी का माहौल है।

