उरांव सरना समिति ने किया एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन

चक्रधरपुर : उरांव सरना समिति के तत्वावधान में रविवार को पेलो टुंगरी स्थित कला-सांस्कृतिक भवन में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन विधायक सुखराम उरांव, पूर्व विधायक बहादुर उरांव, प्रवीर प्रामाणिक, मुखिया सोमनाथ खोया और विजय सामड ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर भगवान बिरसा मुंडा, वीर शहीद सिधु-कान्हु और कार्तिक उरांव के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई।

रक्तदान शिविर में ग्रामीण युवाओं, समाजसेवियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर के दौरान कुल 82 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जिसका उपयोग जरूरतमंद मरीजों के इलाज में किया जाएगा। रक्तदाताओं को हेलमेट और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं समिति की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र और पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी अब ऐसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है और युवा वर्ग सामाजिक जिम्मेदारियों को समझता है।

कार्यक्रम में उरांव सरना समिति के अध्यक्ष विमल खलखो, सचिव अरुण टोप्पो, कोषाध्यक्ष अनिल कच्छप सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद थे।

By maskal.news

You May Also Like