जमशेदपुर | टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (टीएसयूआईएसएल) में ट्रेड अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग 2026 के लिए पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। कंपनी प्रबंधन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थी 22 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को एसएनटीआई में दो वर्ष का अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

टाटा स्टील से जुड़े परिवारों के लिए अवसर
अधिसूचना के अनुसार वर्तमान या पूर्व कर्मचारियों के बेटा-बेटी इस अप्रेंटिसशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, बेटा नहीं होने की स्थिति में निर्धारित शर्तों के तहत कर्मचारी के दामाद अथवा पति-पत्नी को भी आवेदन का अवसर दिया गया है। प्रायोजक कर्मचारी की सेवा अवधि को लेकर भी कंपनी की ओर से पात्रता की शर्तें निर्धारित की गई हैं।

मैट्रिक में अंग्रेजी, विज्ञान और गणित में उत्तीर्ण होना अनिवार्य
अभ्यर्थी का मैट्रिक या समकक्ष परीक्षा अंग्रेजी, विज्ञान और गणित विषयों के साथ उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इन तीनों विषयों में उत्तीर्ण अंक प्राप्त करना भी जरूरी है। कर्मचारी वार्ड के लिए अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 सितंबर 2004 से 1 सितंबर 2008 के बीच होनी चाहिए। वहीं, एससी-एसटी कर्मचारी वार्ड के लिए जन्मतिथि 1 सितंबर 2002 से 1 सितंबर 2008 के बीच निर्धारित की गई है।

दो वर्ष का प्रशिक्षण, स्टाइपेंड भी मिलेगा
चयनित अभ्यर्थियों को एसएनटीआई में दो वर्ष का अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान अभ्यर्थियों को स्टाइपेंड भी मिलेगा। ट्रेड एवं प्रशिक्षण अवधि का आवंटन इंटरव्यू में प्रदर्शन और मैट्रिक में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा।

आंखों की रोशनी और कलर विजन की शर्त
अप्रेंटिसशिप के लिए अभ्यर्थी की दोनों आंखों की दृष्टि चश्मे के साथ 6/6 होनी चाहिए। चश्मे का पावर अधिकतम ±4.0 तक मान्य होगा। इसके अलावा अभ्यर्थी का कलर विजन सामान्य होना भी अनिवार्य है।

अप्रेंटिसशिप के बाद नौकरी की गारंटी नहीं
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण का अर्थ रोजगार की गारंटी नहीं है। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने और ऑल इंडिया ट्रेड टेस्ट (एआईटीटी) उत्तीर्ण कर नेशनल अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट प्राप्त करने के बाद कंपनी में आवश्यकता होने पर अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर मिल सकता है।

ऐसे में पात्र अभ्यर्थियों के लिए 22 सितंबर 2026 आवेदन की अंतिम तिथि है। इच्छुक उम्मीदवार कंपनी की ओर से जारी अधिसूचना में दी गई पात्रता, जन्मतिथि, शैक्षणिक योग्यता एवं अन्य निर्धारित शर्तों की जांच कर समय सीमा के भीतर आवेदन करें।

