चाईबासा | झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 पश्चिमी सिंहभूम जिले में जिला प्रशासन की कड़ी निगरानी में शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराई जा रही है। परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

रविवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने संयुक्त रूप से चाईबासा के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने पीएम श्री प्लस टू राजकीय कन्या उच्च विद्यालय तथा सेंट जेवियर्स उच्च विद्यालय, चाईबासा में परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन, बायोमैट्रिक उपस्थिति, प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच, परीक्षा कक्षों में बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, अनुशासन एवं निगरानी व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने केंद्र अधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों से परीक्षा संचालन की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त संचालन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों को परीक्षा समाप्ति तक पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं सुरक्षा बलों को सतर्क रहने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पवित्रता, निष्पक्षता एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

जिला प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की है। प्रशासन की सतत निगरानी एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और कदाचारमुक्त वातावरण में जारी है।

