हजारीबाग | हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में 12 वर्षीय बच्ची की नृशंस हत्या के मामले में नया मोड़ आने के बाद राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। जांच में खुलासा हुआ है कि इस हत्याकांड की साजिश में बच्ची की मां और उसका प्रेमी भीम राम शामिल थे। आरोप है कि भीम राम ने बच्ची का गला दबाकर हत्या की, जबकि उसकी मां ने उसे पकड़ रखा था। यह घटना 24 मार्च की बताई जा रही है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी भीम राम का संबंध भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से रहा है और वह पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेता था। उसके कई फोटो बीजेपी नेताओं के साथ होने की भी चर्चा है। घटना के बाद वह खुद सामने आकर मीडिया में बयान देता रहा और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग करता दिखा।

मामले के इस खुलासे के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। झामुमो ने अपने बयान में कहा कि “नवरात्रि के दौरान एक मासूम बच्ची की वीभत्स हत्या ने मानवता को शर्मसार कर दिया है,” और बीजेपी पर गंभीर सवाल उठाए। पार्टी ने बीजेपी को “निर्दयी और असंवेदनशील” करार देते हुए सोशल मीडिया पर लगातार निशाना साधा है।

गौरतलब है कि इस खुलासे से पहले बीजेपी राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर हमलावर थी। हालांकि, आरोपी के कथित राजनीतिक संबंध सामने आने के बाद अब दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

