हाट गम्हरिया वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का उत्पात, चार घर क्षतिग्रस्त, वन विभाग ने दिया तात्कालिक राहत

चाईबासा : हाट गम्हरिया वन क्षेत्र अंतर्गत सुंडी सुरनिया एवं हेसा सुरनिया गांव में जंगली हाथियों ने चार घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलते ही वन विभाग की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा।

वन विभाग की टीम द्वारा प्रभावित ग्रामीणों को तत्काल राहत के रूप में चावल एवं नकद राशि प्रदान की गई। साथ ही हाथियों से बचाव के लिए सुंडी सुरनिया गांव में पटाखे और मुआवजा फॉर्म वितरित किए गए। हेसा सुरनिया के रेगो साईं, लोदोबासा एवं मुंडा साईं को एक-एक पैकेट पटाखा दिया गया, जबकि सुंडी सुरनिया के बागनबासा में पटाखे के साथ मुआवजा फॉर्म उपलब्ध कराया गया।

पीड़ित धूम हेस्सा एवं उनके परिवार को भी तात्कालिक आर्थिक सहायता दी गई। इस अवसर पर वन अधिकारी शनिचर हांसदा ने सुंडी सुरनिया संयुक्त वन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष वीर सिंह हेस्सा एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में 12 किलो चावल एवं ₹500 नगद प्रदान किए।

इसके अलावा हेसा सुरनिया गांव में वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को ‘हमार हाथी ऐप 2.0’ के उपयोग एवं लाभ की जानकारी दी गई। ग्रामीणों से अपील की गई कि हाथी दिखाई देने पर तुरंत ऐप के माध्यम से सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

By maskal.news

You May Also Like