गोइलकेरा के रायम गांव में दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन

गोइलकेरा : नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर गोइलकेरा प्रखंड के सुदूर रायम गांव में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन नव युवक संघ रायम द्वारा किया गया था। सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुईं।

कार्यक्रम में पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक नृत्य और संगीत के साथ सांसद का स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद ने कहा कि जीवन में खेलों का महत्वपूर्ण स्थान है। गांवों में ऐसे आयोजन से स्वस्थ मनोरंजन के साथ-साथ आपसी सहयोग और सौहार्द की भावना मजबूत होती है।

प्रतियोगिता में सीनियर साइकिल रेस, बच्चों की दौड़, रस्सी कूद, मेंढक रेस और महिलाओं की बॉल पासिंग सहित कई स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिनमें युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को सांसद के हाथों पुरस्कार प्रदान किए गए।

इससे पूर्व सांसद जोबा माझी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह में जिला परिषद सदस्य शिवरतन नायक, मुखिया सिकंदर जोंकों, झामुमो जिला उपाध्यक्ष अकबर खान, वार्ड सदस्य हेलन मुंडारी, जेना बरजो, दानियल बरजो, रामनाथ बरजो, कांडे सिल्ली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

By maskal.news

You May Also Like