पश्चिमी सिंहभूम : टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत सागरकट्टा–रेमरा जंगल में एक दंतैल जंगली हाथी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। हाथी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। वन विभाग ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में हाथी की हत्या की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि तस्करों ने हाथी का एक कीमती दांत काटकर अपने साथ ले गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही चाईबासा वन प्रमंडल के अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की।
वन विभाग द्वारा तस्करी में संलिप्त गिरोह की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि बीते कुछ हफ्तों में पश्चिमी सिंहभूम जिले में हाथियों के हमलों में 20 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इस कारण क्षेत्र के ग्रामीणों में पहले से ही दहशत का माहौल बना हुआ है, और हाथी की संदिग्ध मौत की यह घटना चिंता को और बढ़ा रही है।
पश्चिमी सिंहभूम में दंतैल हाथी का शव बरामद, दांत काटे जाने से तस्करी की आशंका

