रांची : झारखंड अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे करने जा रहा है। इस अवसर पर रांची के मोरहाबादी मैदान में 15 और 16 नवंबर को दो दिवसीय भव्य महोत्सव आयोजित किया जाएगा। रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री के अनुसार, 15 नवंबर को कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 2 बजे होगी, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
16 नवंबर को पहली बार राज्य में ‘जतरा’ का आयोजन किया जाएगा। यह जुलूस डोरंडा से शुरू होकर कचहरी चौक होते हुए जेल पार्क में समाप्त होगा। इसमें करीब 4000 कलाकार शामिल होंगे। शाम को मोरहाबादी में भव्य ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा, जिसमें बिरसा मुंडा की जीवनी और झारखंड की संस्कृति को आकर्षक दृश्यों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
दूसरे दिन महोत्सव में सरकार के सभी विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां जनता को योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के जीवन पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। साथ ही एक इमर्सिव ज़ोन बनाया जा रहा है, जिसमें झारखंड की संस्कृति, विकास और विरासत से जुड़े इंटरैक्टिव फिल्में और प्रेजेंटेशन दिखाए जाएंगे। तैयारियों की समीक्षा कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी की अध्यक्षता में की गई बैठक में की गई।
भीड़ को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था के लिए विशेष योजना बनाई है। राजधानी में 8000 पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी, जिनमें 2000 महिला और 6000 पुरुष कर्मी शामिल होंगे। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा और मोरहाबादी क्षेत्र में पार्किंग व प्रवेश मार्गों की नई व्यवस्था की गई है।
शहर के प्रमुख स्थानों पर झारखंड की संस्कृति और वीरों की झलक दिखाती वाल पेंटिंग भी बनाई जा रही है। महोत्सव में प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और राज्य के इतिहास से जुड़े आयोजन शामिल होंगे। सरकार इस रजत जयंती वर्ष को झारखंड की परंपरा, गौरव और प्रगति के प्रतीक के रूप में मनाने की तैयारी कर रही है।
14
Nov

