सरायकेला : सरायकेला छऊ नृत्य के संरक्षण एवं विकास के लिए निरंतर कार्यरत संस्था आचार्य छऊ नृत्य विचित्रा में एक विशेष कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन पद्मश्री गुरु शशधर आचार्य, सीआरपीएफ 134 बटालियन के द्वितीय कमांडेंट दीपेंद्र कुमार, सहायक कमांडेंट, सरायकेला के पूर्व क्रिकेटर एवं समाजसेवी जलेश कवि तथा सरायकेला विधायक के प्रतिनिधि सनद आचार्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
संस्था के सह निदेशक रंजीत कुमार आचार्य ने बताया कि मध्य प्रदेश नाट्य विद्यालय, भोपाल से 25 कलाकार सरायकेला छऊ की विशेष शिक्षा प्राप्त करने के लिए यहां पहुंचे हैं। इन कलाकारों के लिए आठ दिवसीय आवासीय एवं भ्रमणशील कार्यशाला आयोजित की गई है, जो 15 जनवरी तक चलेगी। कार्यशाला में सरायकेला छऊ नृत्य का नाट्य कला में प्रयोग, क्षेत्रीय संगीत, मुखौटा परिचय, शारीरिक अंग संचालन एवं नृत्य चलन जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
पद्मश्री गुरु शशधर आचार्य के नेतृत्व में चल रही इस कार्यशाला में नत्थू महतो (संगीत), गुरु शशधर आचार्य (आंगिक अभिनय), गुरु दिलीप कुमार आचार्य (मुखौटा निर्माण) तथा गुरु सुकांत आचार्य (वाद्य यंत्र) प्रशिक्षण दे रहे हैं। मध्य प्रदेश नाट्य विद्यालय के 25 सदस्यीय दल में तरुण पांडे और हेमराज तिवारी भी शामिल हैं।
कार्यशाला के समापन के बाद नाटक चित्रांगदा का मंचन किया जाएगा, जिसमें सरायकेला छऊ नृत्य का प्रयोग होगा। उद्घाटन समारोह में सतीश मोदक द्वारा हंस नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई।
09
Jan

