पश्चिमी सिंहभूम : चाईबासा जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला निर्वाचन कार्यालय के तत्वावधान में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर एकदिवसीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, परियोजना निदेशक (आईटीडीए), अपर उपायुक्त, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला नजारत उपसमाहर्ता, सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान उप विकास आयुक्त के नेतृत्व में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखते हुए लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष निर्वाचन सुनिश्चित करने तथा बिना किसी प्रलोभन के निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ ली। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से राष्ट्रगान के साथ किया गया।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 5 बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) एवं 5 बीएलओ सुपरवाइजर को अंग वस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा विद्यालय स्तर पर आयोजित निबंध, वाद-विवाद एवं चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। इसके अलावा तीन प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं को वोटर आईडी कार्ड भी सौंपे गए।
25
Jan

