रांची : झारखंड सरकार मंईयां सम्मान योजना से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम पहल करने जा रही है। योजना से लाभान्वित लगभग 50 लाख महिलाओं को बैंकों के माध्यम से स्वरोजगार के लिए 20 हजार रुपये तक का आसान ऋण उपलब्ध कराने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस दिशा में राज्य सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है।

इस प्रस्ताव को लेकर शनिवार को प्रोजेक्ट भवन में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक, नाबार्ड सहित विभिन्न राष्ट्रीयकृत और निजी बैंकों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक के दौरान योजना के क्रियान्वयन को लेकर राज्य सरकार और बैंकों के बीच सैद्धांतिक सहमति बन गई।

प्रस्तावित ऋण योजना को वर्तमान में संचालित मंईयां सम्मान योजना से जोड़ा जाएगा। इसके तहत महिलाओं को मिलने वाली 2,500 रुपये की मासिक सहायता राशि को आधार बनाकर उन्हें स्वरोजगार गतिविधियों से जोड़ने की रणनीति तैयार की जा रही है। सरकार इस योजना को आगामी बजट में शामिल कर सकती है।

बताया गया है कि योजना को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, 8 मार्च को औपचारिक रूप से लॉन्च करने का प्रस्ताव है। वहीं, योजना के नाम को लेकर मुख्यमंत्री से विमर्श जारी है।

