#दावोस #विश्वआर्थिकमंच #झारखंड #हेमंतसोरेन #टाटास्टील #ग्रीनस्टील #maskalnews

दावोस में झारखंड सरकार–टाटा स्टील बैठक, 11,000 करोड़ रुपये निवेश पर सहमति

दावोस में झारखंड सरकार–टाटा स्टील बैठक, 11,000 करोड़ रुपये निवेश पर सहमति

स्विट्ज़रलैंड : विश्व आर्थिक मंच (WEF), दावोस के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील के शीर्ष नेतृत्व के साथ अहम बैठक की। बैठक में टाटा स्टील ने झारखंड में न्यू-एज ग्रीन स्टील तकनीक के तहत कुल 11,000 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता दोहराई। इस संबंध में आशय पत्र और सहयोग समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
प्रस्तावित निवेश में हिरसाना ईज़ी एंड मेल्ट टेक्नोलॉजी के लिए 7,000 करोड़ रुपये, कॉम्बी मिल परियोजना के लिए 1,500 करोड़ रुपये और टिनप्लेट विस्तार परियोजना के लिए 2,600 करोड़ रुपये शामिल हैं। सभी परियोजनाएं पर्यावरण-अनुकूल ग्रीन स्टील तकनीक पर आधारित होंगी, जिनमें नीदरलैंड और जर्मनी की उन्नत तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। हिताची ने भी विद्युत, उच्च स्तरीय ग्रिडिंग और उन्नत अवसंरचना में निवेश का प्रस्ताव रखा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार टिकाऊ औद्योगिक विकास, स्वच्छ तकनीक और स्थानीय रोजगार सृजन को प्राथमिकता दे रही है। यह साझेदारी झारखंड को हरित औद्योगिक परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ाएगी और राष्ट्रीय जलवायु लक्ष्यों को मजबूत करेगी।
इस अवसर पर WEF की ओर से मुख्यमंत्री को व्हाइट बैज प्रदान किया गया और सहयोग का औपचारिक पत्र सौंपा गया। यह सहयोग क्रिटिकल मिनरल्स, नई ऊर्जा, जलवायु और जैव-विविधता संरक्षण जैसे विषयों पर केंद्रित रहेगा। झारखंड का विजन 2050, WEF की समावेशी समाज की अवधारणा से मेल खाता है।
स्वीडन ने अर्बन ट्रांसपोर्ट क्षेत्र में निवेश को लेकर रुचि दिखाई है। इस संबंध में अप्रैल में भारत–स्वीडन राउंड टेबल बैठक आयोजित होने की संभावना है। मुख्यमंत्री की स्वीडन की कंपनियों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात हुई।
इसके अलावा वर्ल्ड वुमन पॉलिटिकल लीडर्स फोरम के प्रतिनिधियों से मुलाकात में महिला राजनीतिक नेतृत्व के सशक्तिकरण, भारत चैप्टर की स्थापना और गैर-दलीय साझा मंच के गठन पर चर्चा की गई।
बैठक में टाटा स्टील के एमडी एवं सीईओ टी. वी. नरेंद्रन सहित WEF, स्वीडन इंडिया बिजनेस काउंसिल, हिताची इंडिया और टेक महिंद्रा के वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद रहे।